ओ पी राजभर बोले- एसी और पीसी वाले नेता है अखिलेश यादव: सपा-बसपा के कई नेता-कार्यकर्ता सुभासपा में शामिल
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीति में दल-बदल का सिलसिला शुरू हो चुका है। रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सुभासपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सभी को सदस्यता दिलाई।
कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एवं आम आदमी पार्टी के नेता सुनील गौतम, समाजवादी पार्टी के संजय तिवारी और रवि विश्वकर्मा, घोसी लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी व पूर्व ब्लॉक प्रमुख अक्षय राजभर, समाजसेवी रामदेव वर्मा और महिला समाजसेवी विजय लक्ष्मी समेत बड़ी संख्या में नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ली।
इसके अलावा बाराबंकी, लखनऊ, अयोध्या, कानपुर देहात, वाराणसी, संतकबीरनगर, रायबरेली, इटावा और अमेठी समेत कई जिलों से पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी सुभासपा का दामन थामा।