उत्तर प्रदेश में मौसम की होगी करवट! लखनऊ-नोएडा समेत कई जिलों में बारिश के आसार, 90KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले सकता है। सहारनपुर, मेरठ, नोएडा, आगरा, मथुरा, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया, झांसी और कुशीनगर समेत कई जिलों में तेज बारिश और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70-75 से लेकर 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू से लोगों का हाल बेहाल है, लेकिन अब मौसम राहत देने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई है।
कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक, धूल भरी आंधी और 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बदलाव का असर सिर्फ बारिश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज होगी।
राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में पारा 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले सकता है। सहारनपुर, मेरठ, नोएडा, आगरा, मथुरा, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया, झांसी और कुशीनगर समेत कई जिलों में तेज बारिश और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70-75 से लेकर 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
तेज हवाओं और बारिश के चलते पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
राजधानी लखनऊ पिछले एक सप्ताह से भीषण गर्मी की चपेट में है। दिन का तापमान लगातार 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि रातें भी गर्म बनी हुई हैं।
मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।