योगी सरकार का 187वीं बोर्ड बैठक में फैसला: यूपी में अभियंताओं की दक्षता बढ़ाने के लिए ट्रेनिंग दिलाएगा सिडको
यूपी सिडको की 187वीं बोर्ड बैठक में निगम के प्रशासनिक, तकनीकी एवं विकास संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
परियोजनाओं की नियमित निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रबंधन प्रणाली को प्राथमिकता देने की बात कही गई। यूपी सिडको के सभी कनिष्ठ अभियंताओं (जेई) एवं सहायक अभियंताओं (एई) की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए मुख्यालय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
निगम के शीर्ष प्रबंधन को भी वर्तमान परिदृश्य में हो रही प्रगति एवं नवीन व्यवस्थाओं के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। निगम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा की गई।
कार्यप्रणाली को अधिक दक्ष बनाने के लिए कुछ इकाइयों को आपस में मर्ज (विलय) करने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। पूर्व में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई। संगठन के विकास, प्रशासनिक सुधार, परियोजनाओं की प्रगति तथा कार्यकुशलता बढ़ाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।