बाबा बर्फानी की पहली तस्वीर: श्रद्धालुओं के लिए तीन जुलाई से शुरू होगी यात्रासुरक्षा में तैनात जवानों ने किए दर्शन
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पवित्र अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पूर्व पवित्र गुफा तक के रास्ते और गुफा के आस पास चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने गई एक टीम द्वारा बाबा बर्फानी की पहली तस्वीर अपने साथ कैमरे में साथ लाई और इस तस्वीर से हम आपको इस वर्ष पवित्र गुफा में प्रकट हुए हिम शिवलिंग के पहले दर्शन करवाएंगे।
पवित्र अमरनाथ गुफा में ली गई यह ताजा तस्वीरें और विडियो दर्शाती हैं की पवत्र हिमलिंग अपने पूर्ण आकार में भक्तों को साक्षात दर्शन देने के लिए प्रकट हुए हैं। तस्वीर में बाबा बर्फानी का आकार करीब 7-10 फीट का दिख रहा है।
वीडियो में सुरक्षाबल के जवान प्राकृतिक रूप से बने हिम शिवलिंग के दर्शन करते हुए दिख रहे हैं। माना जा रहा कि जवान सुरक्षा संबंधित रेकी करने गए थे। सूत्रों की मानें तो यह वीडियो 19-20 मई के आसपास का है, हालांकि इन तस्वीरों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वर्ष 2026 की पवित्र अमरनाथ जी यात्रा पर आने वाले बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए एक अच्छी खबर। बाबा बर्फानी अमरनाथ जी की पवित्र गुफा में पूर्ण आकार में अपने भक्तों को साक्षात दर्शन देने के लिए प्रकट हुए हैं।
वहीं भक्तों को हर सुविधा प्रधान करने के लिए श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) और प्रशासन सभी तैयारियां तेजी से जारी रखे हुए है ताकि यात्रा पर आने वाले भक्तों को किसी तरह की असुविधा न हो।
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अनुसार इस साल की 57 दिवसीय यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त रक्षाबंधन तक चलेगी। दोनों रूटों पहलगाम और बालटाल से तीर्थयात्रियों का पंजीकरण पहले ही शुरू हो चुका है।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार अभी तक साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करवा चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर प्रशासन की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।
दोनों मार्गों पर बर्फ हटाने का काम भी तेजी से चल रहा है। वहीं श्राइन बोर्ड ने अपील की है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु केवल आधिकारिक रूप से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें और बिना पंजीकरण यात्रा न करें। मौसम और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है।