उत्तर प्रदेश में मौसम की अचानक करवट; लखनऊ समेत आज इन जिलों में जमकर बरसेंगे बादल, 60 KM की स्पीड से चलेगी हवा
उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर अप्रत्याशित करवट लेकर लोगों को हैरान कर दिया है। भीषण गर्मी और तेज धूप से जूझ रहे प्रदेशवासियों को अचानक आई बारिश, आंधी और ओलावृष्टि ने राहत तो दी, लेकिन साथ ही मौसम के इस उतार-चढ़ाव ने नई चुनौतियों के संकेत भी दे दिए हैं।
राजधानी लखनऊ से लेकर नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वांचल-पश्चिमी यूपी के कई जिलों में एक ही दिन में धूप, बादल, तेज हवाएं, बारिश और ओलों का सिलसिला देखने को मिला। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी इसी तरह के बदलाव, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को मौसम सुहाना हो गया। बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के असर से अधिकतम तापमान में 7 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को जहां पारा 39.3 डिग्री सेल्सियस था, वहीं गुरुवार को यह घटकर 31.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
न्यूनतम तापमान भी गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और देर रात शहर के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जिससे गर्मी से काफी राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार से तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।
नोएडा में भी मौसम ने अचानक रंग बदला। सुबह तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बाद दोपहर में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में हल्की ओलावृष्टि भी हुई। तेज हवाओं के कारण कुछ समय के लिए अंधेरा छा गया। हालांकि बारिश के बाद फिर धूप निकल आई, जिससे उमस बढ़ गई।
यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 3 मई तक मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजीपुर और बलिया समेत कई जिलों में ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी के अन्य हिस्सों में भी आंशिक बादल और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।