हाथरस में खौफनाक कांड: पड़ोसन की हत्या कर युवक ने दी जान, मां की लाश के पास घंटों रोती रही 2 साल की मासूम

आंगन में उसकी पत्नी प्रियंका का शव पड़ा हुआ था, जबकि उसकी ढाई साल की बेटी कशिश मां के शव के पास बैठी रो रही थी. यह मंजर देखकर विपिन बदहवास हो गया. जब वह घर के अंदर बने कमरे की ओर बढ़ा तो वहां पड़ोसी युवक प्रकाश (25) का शव फंदे से लटका मिला. इसके बाद उसकी चीख निकल गई और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.

Jun 19, 2026 - 11:07
0 14
हाथरस में खौफनाक कांड: पड़ोसन की हत्या कर युवक ने दी जान, मां की लाश के पास घंटों रोती रही 2 साल की मासूम

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने अपनी शादीशुदा पड़ोसन की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के नगला भूरा गांव की है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

नगला भूरा निवासी विपिन की शादी करीब चार वर्ष पहले पुरदिलनगर निवासी प्रियंका से हुई थी. दोनों की दो साल की एक बेटी कशिश है. विपिन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है. गुरुवार सुबह वह रोज की तरह काम पर चला गया था. घर में उसकी पत्नी प्रियंका और मासूम बेटी अकेले थीं. परिवार के अन्य सदस्य गांव में स्थित दूसरे पुश्तैनी मकान में रहते हैं.

शाम को काम से लौटने के बाद जब विपिन अपने घर पहुंचा तो उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा पीटने के बाद भी जब पत्नी बाहर नहीं आई तो उसे अनहोनी की आशंका हुई. किसी तरह घर के अंदर पहुंचने पर जो दृश्य उसने देखा, उसे देखकर उसके होश उड़ गए.

आंगन में उसकी पत्नी प्रियंका का शव पड़ा हुआ था, जबकि उसकी ढाई साल की बेटी कशिश मां के शव के पास बैठी रो रही थी. यह मंजर देखकर विपिन बदहवास हो गया. जब वह घर के अंदर बने कमरे की ओर बढ़ा तो वहां पड़ोसी युवक प्रकाश (25) का शव फंदे से लटका मिला. इसके बाद उसकी चीख निकल गई और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर सबूत जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रकाश ने पहले महिला की हत्या की और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.


ग्रामीणों के अनुसार, प्रकाश अविवाहित था और अपने घर में अकेला रहता था. उसके माता-पिता और भाइयों की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी. वह किसी ईंट-भट्ठे पर काम करता था. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.

सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि पहली नजर में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत होता है. हालांकि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

What's Your Reaction?

Like Like 2
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 2
Angry Angry 0
Sharma Kumar Manish

Associate Desk Editor

Comments (0)

User