यूपी: छह सितंबर तक बारिश-बाढ़ की चेतावनी, जिलों को भेजा गया अलर्ट; लखनऊ में नदी बनीं सड़कें
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश में 1 से 6 सितंबर तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसके साथ ही कई जिलों में आकस्मिक बाढ़, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका भी है। योगी सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश में 1 से 6 सितंबर तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसके साथ ही कई जिलों में आकस्मिक बाढ़, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका भी है। योगी सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
राहत आयुक्त कार्यालय ने जिला प्रशासन को मौसम पर लगातार नजर रखने को कहा है। सरकार ने लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रभावित और संभावित क्षेत्रों में तैयारियां मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरतमंदों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ और आगरा समेत कई जिलों में भारी बारिश की आशंका है। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, प्रयागराज में आकस्मिक बाढ़ की संभावना है। पूर्वांचल, मध्य यूपी, बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी के जिलों में वज्रपात का अलर्ट है।
राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। मंत्री नंद गोपाल नंदी ने चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और राहत किट बांटी।
राजधानी में सितंबर की शुरुआत जोरदार बारिश के साथ हुई। मंगलवार को सुबह से ही शहर के ज्यादातर इलाकों में घने काले बादल छाए रहे। सुबह करीब नौ बजे बारिश शुरू हुई, जो 11 बजे तक चलती रही। इससे दफ्तर और अन्य कामों से निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोपहर बाद एक बार फिर बादल सक्रिय हुए और तेज बारिश शुरू हो गई। देर शाम करीब दो घंटे तक हुई जोरदार बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।रिमझिम बारिश का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
शाम तक लखनऊ के चिनहट में 59 मिमी, 1090 चौराहे पर 54 मिमी और राजभवन क्षेत्र में 45.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट आई और मौसम में ठंडक महसूस की गई।
इधर मौसम विभाग ने लखनऊ में अगस्त में हुई बारिश के आंकड़े भी जारी किए हैं। इसके अनुसार लखनऊ में अगस्त के दौरान 330.7 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 64 फीसदी अधिक है। अगस्त में शहर में सामान्य बारिश 202 मिमी मानी जाती है। इसके पहले साल 2024 में अगस्त माह में 338.7 मिमी और साल 2018 में 405.5 मिमी बारिश रिकार्ड की गई थी।
What's Your Reaction?
Like
14
Dislike
0
Love
7
Funny
2
Wow
6
Sad
0
Angry
5
Comments (0)