ओवरलोड से ट्रांसफार्मर हो रहे ब्लास्ट; गर्मी में 'कटियाबाज' बने मुसीबत, धड़ल्ले से चोरी कर रहे बिजली

गर्मी के कारण बिजली की खपत पहले से ही काफी बढ़ गई है. ऐसे में बड़ी संख्या में लोग अवैध रूप से ‘कटिया' डालकर बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसका सीधा असर बिजली व्यवस्था पर पड़ रहा है. ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड हो रहे हैं, केबल जल रही हैं और कई जगहों पर ब्लास्ट की घटनाएं भी सामने आ रही हैं. बिजली विभाग के कर्मचारी फॉल्ट ढूंढ़ने और उसे ठीक करने में घंटों लगा रहे हैं.

ओवरलोड से ट्रांसफार्मर हो रहे ब्लास्ट; गर्मी में 'कटियाबाज' बने मुसीबत, धड़ल्ले से चोरी कर रहे बिजली

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने हालात मुश्किल कर दिए हैं, लेकिन इस संकट को और बढ़ा रहे हैं ‘कटियाबाज' यानी बिजली चोरी करने वाले लोग. एक ओर रिकॉर्ड स्तर पर बिजली की मांग है, तो दूसरी तरफ अवैध कनेक्शन की वजह से ट्रांसफॉर्मर फुंक रहे हैं और बार-बार फॉल्ट आ रहे हैं. नतीजा यह है कि कई जिलों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखने लगा है.

बिजली चोरी से बढ़ी ओवरलोडिंग की समस्या

गर्मी के कारण बिजली की खपत पहले से ही काफी बढ़ गई है. ऐसे में बड़ी संख्या में लोग अवैध रूप से ‘कटिया' डालकर बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसका सीधा असर बिजली व्यवस्था पर पड़ रहा है. ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड हो रहे हैं, केबल जल रही हैं और कई जगहों पर ब्लास्ट की घटनाएं भी सामने आ रही हैं. बिजली विभाग के कर्मचारी फॉल्ट ढूंढ़ने और उसे ठीक करने में घंटों लगा रहे हैं.

कटौती से परेशान लोग सड़कों पर उतरे

लगातार बिजली गुल रहने से लोगों का सब्र जवाब दे रहा है. खासकर रात के समय जब बिजली चली जाती है, तो हालात और खराब हो जाते हैं. कई जगहों पर लोगों ने पावर हाउसों का घेराव किया, तो कहीं सड़क जाम कर विरोध जताया. लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में भी ऐसा ही मामला सामने आया, जहां गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात बाधित हुआ.

राजधानी लखनऊ भी नहीं बची संकट से

राजधानी लखनऊ में भी बिजली संकट का असर साफ देखा जा रहा है. गोमतीनगर, जानकीपुरम, फैजुल्लागंज और चिनहट जैसे इलाकों में लोग घंटों की कटौती से परेशान हैं. हालांकि वीवीआईपी इलाकों में लगातार बिजली मिल रही है, लेकिन ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में 10 से 12 घंटे, तो कहीं-कहीं 24 घंटे तक बिजली नहीं आ रही. इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ता जा रहा है.