प्रीपेड मीटर के पोस्टपेड होने में लगेंगे अभी 24 दिन, एक जून से ही मिल सकेगी बाद में बिल चुकाने की सुविधा
बिजली महकमे ने प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड करने की घोषणा कर दी है। मगर, उपभोक्ताओं को इसका फायदा मिलने में 24 दिन लगेंगे। इस बदलाव के लिए मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) तय की जा रही हैं। हालांकि, इस बीच में किसी भी उपभोक्ता का बैलेंस निगेटिव होने पर भी बिजली नहीं कटेगी।
अफसरों ने बताया कि पोस्टपेड में बिलिंग का सिस्टम 27 से 30 दिन का है। यानी उपभोक्ता 27 से 30 दिन में जितनी बिजली का उपभोग करता, उसका बिल बन जाता है। यहीं सिस्टम प्रीपेड मीटर वाले कनेक्शन पर लागू होगा। एक जून से प्रीपेड मीटर पोस्टपेड के रूप में काम करने लगेंगे।
और, उपभोक्ताओं ने जो बिजली जलाई होगी उसका बिल उनके पॉजिटिव बैलेंस से घटाकर नए बिल का मैसेज पहुंचने लगेगा। जिनका बैलेंस निगेटिव होगा उसे मई के बिल में जोड़ कर जून में भेजेंगे। 10 जून तक प्रीपेड मीटर धारकों का नए बिल का मैसेज मिल जाएगा।
सबसे पहले ऑटो कमांड के सिस्टम को हटा दिया गया है। इससे एक बार में जितने बकायेदारों का चयन करके बिजली काटने का कमांड देते थे उनकी मीटर से परिसर की होने वाली आपूर्ति बंद हो जाती थी। हालांकि, बकायेदाराें की बिजली को ऑटोमेटिक काटने व जोड़ने का अधिकार इंटेली स्मार्ट कंपनी को दिया गया है। कंपनी के लोग ऑटो कमांड का इस्तेमाल करते थे।