प्रयागराज में CM योगी का मनचलों को अल्टीमेटम- अब यूपी में बेटियां सुरक्षित, छेड़ने वालों की खैर नहीं
सीएम योगी ने कहा कि नौ साल पहले प्रयागराज में आतंक, माफियागीरी और गुंडागर्दी का माहौल था, लेकिन अब शहर पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करते हुए विकास को नई गति दी है और प्रयागराज अब माफिया और अपराध से मुक्त शहर बन चुका है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रयागराज दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था, विकास और सुशासन को लेकर बड़ा संदेश दिया। प्रयागराज नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 452 करोड़ रुपये की 200 से अधिक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब सुशासन का माहौल है और बेटियां व व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर किसी ने बेटियों या व्यापारियों को छेड़ने की कोशिश की तो उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
सीएम योगी ने कहा कि नौ साल पहले प्रयागराज में आतंक, माफियागीरी और गुंडागर्दी का माहौल था, लेकिन अब शहर पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करते हुए विकास को नई गति दी है और प्रयागराज अब माफिया और अपराध से मुक्त शहर बन चुका है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर नागरिक के जीवन में खुशहाली और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार लगातार ऐसे प्रयास कर रही है जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले महर्षि भरद्वाज आश्रम तक पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण की स्थिति थी। सीएम ने कहा कि महर्षि भरद्वाज केवल हमारे कुलगुरु ही नहीं बल्कि दुनिया के पहले कुलपति भी माने जाते हैं। भगवान श्रीराम भी उनके दर्शन के लिए दो बार प्रयागराज आए थे। उन्होंने कहा कि अब डबल इंजन सरकार में महर्षि भरद्वाज आश्रम कब्जा मुक्त हो चुका है और मंदिर को भव्य स्वरूप दिया गया है।