योगी सरकार का बड़ा फैसला ; मरीजों को मिलेंगी सस्ती दवाएं और उपचार, सभी मेडिकल कॉलेजों में खुलेगी अमृत फार्मेसी
रामनगरी सहित पूरे प्रदेश भर के रोगियों के उपचार में बड़ी सहूलियत मिलने जा रही है। अब मेडिकल कालेजों में अमृत फार्मेसी खोली जाएगी। इसमें रोगियों को दवाओं से लेकर इंप्लांट तक मिल सकेंगे, जो सस्ते होंगे।
इस योजना में रोगियों को निजी दुकानों से महंगी दवाएं खरीदने से मुक्ति मिल सकेगी। अमृत फार्मेसी संचालित करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने विगत जनवरी माह में ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा था।
इसके बाद फरवरी माह में शासन स्तर से राजर्षि दशरथ मेडिकल कालेज दर्शननगर के अलावा सभी स्वाशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, फेज एक, दो, तीन, जौनपुर, जेके कैंसर, हृदय संस्थान कानपुर और राजकीय मेडिकल कालेजों को इसका अनुपालन करने को कहा गया था।
केंद्रीय मंत्री के पत्र में उल्लेख है कि सस्ती दवाइयां व विश्वसनीय उपचार प्रत्यारोपण (अमृत) फार्मेसी पहल को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के संयोजन में एचएलएल लाइफ केयर कार्यान्वित करेगा।
अमृत फार्मेसी पर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां, शल्य चिकित्सा सामग्री, उपभोग्य वस्तुएं और प्रत्यारोपण सामग्री, अत्यंत कम मूल्यों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। ब्रांडेड और जेनेरिक दोनों प्रकार की सामग्री की पूरी श्रृंखला उपलब्ध कराकर अमृत फार्मेसी संस्थानों में स्वास्थ्य परिचर्या आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ करने में योगदान देगी।
इससे पहले जिन संस्थानों में इसका संचालन है वहां मरीजों के परिवारीजनों का जेब खर्च कम हुआ है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन को केवल परिसर के अंदर उपयुक्त किराया-मुक्त स्थान उपलब्ध कराना होगा।
यह भी पढ़ें- अमेठी मेडिकल कॉलेज पहुंचने के लिए मरीजों को खर्च करने पड़ रहे 120-150 रुपये, लोगों को हो रही परेशानी
ट्रामा सेंटर में स्थान का किया गया चयन
मीडिया प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर दर्शननगर स्थित न्यू भवन 200 बेड परिसर के भूतल पर 400 स्क्वायर फीट स्थान चयनित कर लिया गया है। अमृत फार्मेसी के प्रबंधक से समझौता के लिए पत्र भेजा गया है। इससे बड़ी संख्या में राेगियों को उपचार कराने में राहत मिलेगी।