कांग्रेस ने गोपनीय रूप से घोषित किए प्रत्याशी, राज बब्बर, इमरान मसूद इन सीटों से लड़ेंगे चुनाव

सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन पर अंतिम मुहर भले ही ना लग पाई हो लेकिन कांग्रेस कुछ सीटों पर अपने प्रत्याशी गोपनीय तरीके से घोषित करने शुरू कर दिए हैं। इंडिया गठबंधन में सपा और कांग्रेस के बीच उन प्रत्याशियों के नाम साझा किए गए हैं,

कांग्रेस ने गोपनीय रूप से घोषित किए प्रत्याशी, राज बब्बर, इमरान मसूद इन सीटों से लड़ेंगे चुनाव

सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन पर अंतिम मुहर भले ही ना लग पाई हो लेकिन कांग्रेस कुछ सीटों पर अपने प्रत्याशी गोपनीय तरीके से घोषित करने शुरू कर दिए हैं। 
इंडिया गठबंधन में सपा और कांग्रेस के बीच उन प्रत्याशियों के नाम साझा किए गए हैं, जिन सीटों की पेशकश सपा की ओर से कांग्रेस के लिए की गई है। इसके अनुसार बलिया से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और रामपुर से पूर्व सांसद बेगम नूरबानो प्रत्याशी हो सकती हैं। इन उम्मीदवारों की सूची अभी आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार सपा की ओर से कांग्रेस के लिए बलिया, फतेहपुर सीकरी, रामपुर, महराजगंज, बाराबंकी, सुल्तानपुर, कानपुर, सहारनपुर, भदोही और बहराइच सीटों की पेशकश की गई है। रायबरेली और अमेठी सीट पर दोनों दलों के बीच गठबंधन न होने पर भी सपा प्रत्याशी नहीं उतारती रही है। सपा ने कांग्रेस को सीट देने से पहले यह भी पूछा था कि जो सीटें मांग रहे हैं, उन पर लड़ाने के लिए कांग्रेस के पास प्रत्याशी कौन है। इस आधार पर कांग्रेस ने सीटवार कुछ प्रत्याशियों के नाम इंडिया के साथ साझा किए हैं।


सूत्रों के अनुसार कांग्रेस फतेहपुर सीकरी से राजबब्बर को लड़ाने पर विचार कर रही है। अगर किसी कारण से राजबब्बर नहीं लड़ते हैं तो रामनाथ सिकरवार का नाम दिया गया है। जो वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव आगरा की खेरागढ़ सीट से कांग्रेस के टिकट पर लड़कर दूसरे स्थान पर रहे थे। सपा नेता आजम खां के चुनाव लड़ने से अयोग्य ठहराए जाने के चलते रामपुर सीट अब कांग्रेस के खाते में बताई जा रही है, जहां से दो बार की सांसद बेगम नूरबानो को उतारे जाने की बात की गई है। महराजगंज से कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत को उतारने की तैयारी है, पिछले चुनाव में कांग्रेस ने सुप्रिया को टिकट दिया था, पर वो हार गई थीं।

बाराबंकी से कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया के पुत्र तनुज पुनिया का नाम है, जबकि सुल्तानपुर से पूर्व एमएलसी दीपक सिंह प्रत्याशी हो सकते हैं। सहारनपुर से पूर्व सांसद इमरान मसूद, भदोही से पूर्व सांसद राजेश मिश्रा का नाम है। बहराइच से पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो और ललन कुमार का नाम साझा किया गया है। हालांकि, कमल किशोर कमांडो के लिए कांग्रेस बांसगांव सीट मांग रही है, पर सपा यह सीट उन्हें देने के लिए तैयार नहीं है।