लव मैर‍िज का दबाव बनाया तो 12वीं के छात्र ने ली 10वीं की छात्रा की जान ; इंस्टाग्राम वाले 'इश्क' का खौफनाक अंत

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' के जरिए शुरू हुई थी. मृतक छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ती थी, जबकि आरोपी 12वीं का छात्र है. पुलिस ने अब एफआईआर में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़ दी हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है ताकि मौत का सटीक कारण और अन्य पहलुओं की पुष्टि हो सके.

लव मैर‍िज का दबाव बनाया तो 12वीं के छात्र ने ली 10वीं की छात्रा की जान ; इंस्टाग्राम वाले 'इश्क' का खौफनाक अंत

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगानगर जोन अंतर्गत सरायइनायत थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ एक नाबालिग छात्र ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या की वजह सिर्फ इतनी थी कि प्रेमिका अपने बॉयफ्रेंड पर शादी करने का दबाव बना रही थी. 

यही बात प्रेमी को नागवार गुजरी और उसने धारदार हथियार से छात्रा को मौत के घाट उतारने के बाद उसकी लाश को नहर के पास झाड़ियों में फेंक दिया. फिलहाल, पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.

मामला गंगानगर जोन के सरायइनायत क्षेत्र स्थित जमुनीपुर गांव का है. जानकारी के मुताबिक, 20 अप्रैल को नाबालिग छात्रा के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक नाबालिग लड़का उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है. 

पुलिस तभी से छात्रा की बरामदगी के प्रयास में जुटी थी. जांच के दौरान पुलिस ने जब संदेही नाबालिग छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर गांव के पास ही एक नहर की झाड़ियों से छात्रा का शव बरामद हुआ.

गंगानगर जोन के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपी छात्र और मृतका के बीच पहले से जान-पहचान थी और दोनों में बातचीत होती थी. 20 अप्रैल को आरोपी ने छात्रा को फोन करके घर से बुलाया और अपनी बाइक पर बैठाकर नहर की ओर ले गया. 

वहाँ विवाद होने पर आरोपी ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी और शव को मऊआइमा स्थित नहर के पास झाड़ियों में छिपा दिया. पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि लड़की उस पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जिससे तंग आकर उसने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची.