उत्तर प्रदेश के इन जिलों में मौसम बिगड़ने के आसार, बंगाल की खाड़ी में बने तूफान बना कारण; कोहरा और ठंड दिखाएगी अब असर

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, राजस्थान से मध्यप्रदेश की ओर सक्रिय हुआ साइक्लोनिक सर्कुलेशन निष्क्रिय हो चुका है। मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के साथ ही मौसम साफ होगा और पछुआ हवा से न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।

उत्तर प्रदेश के इन जिलों में मौसम बिगड़ने के आसार, बंगाल की खाड़ी में बने तूफान बना कारण; कोहरा और ठंड दिखाएगी अब असर

सोमवार की सुबह से ही ठंडी हवाओं के साथ रिमझिम फुहारों ने दिन का पारा गिरा दिया। दिन भर हुई बारिश ने लोगों को घरों में दुबका दिया। वहीं, ठिठुरन का भी एहसास हुआ। राजधानी में सुबह आठ बजे से शुरू हुई बारिश शाम तक जारी रही। इस दौरान लखनऊ में सर्वाधिक 14.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी। वहीं, पूरे उत्तर प्रदेश में सोमवार को 31.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई।

मौसम विभाग के रिकार्ड की बात की जाए तो सोमवार को लखनऊ के अलावा उरई में 12 मिलीमीटर बारिश समेत कानपुर नगर में 8.4, कानपुर देहात में 7.6, आगरा में 1.6, शाहजहांपुर में एक, झांसी में दो, बहराइच में तीन मिलीमीटर और हरदोई, लखीमपुर खीरी, फतेहगढ़, बरेली समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बूंदाबांदी दर्ज की गई।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, राजस्थान से मध्यप्रदेश की ओर सक्रिय हुआ साइक्लोनिक सर्कुलेशन निष्क्रिय हो चुका है। मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के साथ ही मौसम साफ होगा और पछुआ हवा से न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मध्यम कोहरा रह सकता है। लखनऊ और आसपास के जिलों में बादलों की आवाजाही के आसार हैं। वहीं, अब बंगाल की खाड़ी में बने ‘मिगजौम’ तूफान के चलते प्रदेश के दक्षिणी छोर के जिलों सोनभद्र, वाराणसी, मीरजापुर, चंदौली, प्रयागराज और संत रविदास नगर में अगले तीन दिनों तक बूंदाबांदी से बौछार पड़ सकती है। इसके बाद प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा।

प्रदेश में सर्वाधिक तापमान वाराणसी में 30 डिग्री और प्रयागराज में 29 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान में बढ़त दर्ज हुई और प्रदेश में न्यूनतम तापमान मुरादाबाद और नजीबाबाद में 13 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, लखनऊ और आसपास के जिलों में मंगलवार को सुबह के समय हल्का से मध्य कोहरा हो सकता है और बादलों की आवाजाही भी रह सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार हैं। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।

रविवार की 1948 से लखनऊ में मौसम की निगरानी की जा रही है। मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, राजधानी के अब तक के इतिहास में रविवार चार दिसंबर की रात पांचवीं सबसे गर्म रात रही है। वहीं सोमवार के दिन भर हुई बारिश के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच महज दो डिग्री का ही अंतर रह गया।

सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।