जेल में हुई दोस्ती! बनी करोड़ों की चोरी की प्लानिंग; रिटायर्ड PAC अधिकारी के घर पर हुई चोरी का खुलासा

पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी पहले भी नजीराबाद इलाके में करीब 90 लाख रुपये की चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं। वहीं उनकी दोस्ती हुई थी। जेल से बाहर आने के लगभग चार महीने बाद दोनों ने फिर से चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया। उनका तरीका तय था, पहले बंद मकानों की रेकी करना और फिर मौका मिलते ही घर में घुसकर लाखों का माल समेटकर फरार हो जाना।

Jul 28, 2026 - 09:52
0 17
जेल में हुई दोस्ती! बनी करोड़ों की चोरी की प्लानिंग; रिटायर्ड PAC अधिकारी के घर पर हुई चोरी का खुलासा


कानपुर में रिटायर्ड PAC प्लाटून कमांडर के घर हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस वारदात के पीछे ऐसे दो शातिर अपराधी निकले, जिनकी दोस्ती जेल की सलाखों के पीछे हुई थी। रिहा होने के कुछ ही महीनों बाद दोनों ने फिर अपराध की राह पकड़ी और बंद मकानों को निशाना बनाकर बड़ी चोरियों को अंजाम देने की साजिश रच डाली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया है।


दक्षिण कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात का खुलासा करते हुए डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन उर्फ रवि चौरसिया और राहुल कनौजिया के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले से ही कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पवन पर चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 9 मामले दर्ज हैं, जबकि राहुल के खिलाफ 16 आपराधिक केस दर्ज हैं।


दरअसल, 24 जुलाई को बख्तौरीपुरवा निवासी और PAC से सेवानिवृत्त प्लाटून कमांडर फूल सिंह के घर चोरी हुई थी। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के पीछे बने प्लॉट में बंधे पशुओं की देखभाल करने गए थे। कुछ देर बाद लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब 19.50 लाख रुपये के गहने और 1.20 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे।


इस चोरी में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। वारदात के दौरान घर की दूसरी मंजिल पर सो रहा परिवार का एक नाती काफी देर तक नहीं जागा। परिजनों ने जब उसे उठाया तो वह बेसुध मिला। शुरुआती आशंका है कि चोरों ने बच्चे को कोई नशीला पदार्थ सुंघाया, ताकि वह जाग न सके और चोरी बिना किसी रुकावट के पूरी हो जाए। हालांकि, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगी।


पुलिस के लिए इस मामले में सबसे बड़ा सुराग घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरे बने। फुटेज में दोनों आरोपी तौलिया से चेहरा ढककर घर में घुसते दिखाई दिए। दिलचस्प बात यह रही कि भागते समय एक आरोपी अपनी तौलिया वहीं छोड़ गया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर की सूचना के बाद दोनों आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।


पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी पहले भी नजीराबाद इलाके में करीब 90 लाख रुपये की चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं। वहीं उनकी दोस्ती हुई थी। जेल से बाहर आने के लगभग चार महीने बाद दोनों ने फिर से चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया। उनका तरीका तय था, पहले बंद मकानों की रेकी करना और फिर मौका मिलते ही घर में घुसकर लाखों का माल समेटकर फरार हो जाना।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Wow Wow 1
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Sharad Mishra

शरद मिश्र सर्व वर्ल्डवाइड मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर तथा कंपनी के स्वामीत्य न्यूज़ असर के प्रधान संपादक है उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि जन सरोकारिता पत्रकारिता की रही है अधिक जानकारी के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े

Comments (0)

User