Ghaziabad Fire: गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के फ्लैट में भीषण आग, सुरक्षित निकाली गई फैमिली
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बुधवार सुबह एक फ्लैट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी की 10वीं मंजिल स्थित एक फ्लैट में लोगों ने धुंआ उठते देखा। तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझने के काम में जुटी है। बताया जा रहा है कि आग फैलते हुए आठ फ्लैट तक पहुंच गई है। आग का धुंआ दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक से देखा जा सकता है।
फ्लैट में आग लगने के कुछ वीडियो भी इंटरनेट पर सामने आए हैं। आग इतनी भयावह है कि धुंए का गुबार दूर -दूर तक नजर आ रहा है। दमकल विभाग के कर्मचारी आग बुझाने की मशक्कत कर रहे हैं।
इस बीच, सोसाइटी में रहने वाले लोगों के चेहरे पर चिंता साफ देखी जा सकती है। लोग फ्लैट में रहने वाले लोगों के लिए परेशान नजर आ रहे हैं। मौके पर एंबुलेंस वाहन भी तैनात हैं।
अभी यह पता नहीं चल पाया है कि आग लगने के दौरान फ्लैट में कोई था या नहीं। आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। सुबह-सुबह आसमान पर धुंए का गुबार देखकर सोसाइटी वालों के अलावा आसपास के इलाके में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। पूरे आसमान पर काले धुंए का गुबार छा गया है जिससे लोगों को सांस लेने में समस्या का सामना भी करना पड़ रहा है।
जिस टावर में आग लगी है, वह 13 मंजिल की बताई जा रही है। आग लगते ही सोसाइटी में एहतियात के तौर पर लाइट काट दी गई है। आग इतनी भयावह है कि ऊपर के फ्लोर में फंसे लोग चीख पुकार करने लगे। सोसाइटी प्रबंधन द्वारा फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और फायर विभाग को सूचना दी गई। मुख्य अग्निश्मन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक, फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है।