Javelin Throw: नीरज चोपड़ा पाकिस्तानी खिलाड़ी को हराकर, विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय

नीरज ने दूसरे राउंड में ही 88.17 मीटर का थ्रो कर दिया था। इसके बाद से ही वह अंक तालिका में लीड बनाए हुए थे और अंत तक यह लीड कायम रहा। ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और डायमंड लीग में चैंपियन बनने वाला यह खिलाड़ी इस टूर्नामेंट से पहले सिर्फ विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ही स्वर्ण नहीं जीत पाया था, लेकिन अब उनकी झोली में इसका स्वर्ण पदक भी है।

Aug 28, 2023 - 08:09
0 117
Javelin Throw: नीरज चोपड़ा पाकिस्तानी खिलाड़ी को हराकर, विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय

भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने इतिहास रच दिया है। वह विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के नेशनल एथलेटिक्स सेंटर में नीरज ने जेवलिन थ्रो इवेंट में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। 

फाइनल में कुल छह अटेम्प्ट यानी राउंड होते हैं और नीरज ने दूसरे राउंड में ही 88.17 मीटर का थ्रो कर दिया था। इसके बाद से ही वह अंक तालिका में लीड बनाए हुए थे और अंत तक यह लीड कायम रहा।

ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और डायमंड लीग में चैंपियन बनने वाला यह खिलाड़ी इस टूर्नामेंट से पहले सिर्फ विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ही स्वर्ण नहीं जीत पाया था, लेकिन अब उनकी झोली में इसका स्वर्ण पदक भी है। नीरज के छह अटेम्प्ट फाउल, 88.17 मीटर, 86.32 मीटर, 84.64 मीटर, 87.73 मीटर और 83.98 मीटर के रहे।

पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 87.82 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। वहीं, चेक रिपब्लिक के जाकुब वेदलेच ने 86.67 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ कांस्य पदक पर निशाना साधा। नीरज के साथ फाइनल में भारत के दो अन्य खिलाड़ी डीपी मनु और किशोर जेना भी थे। किशोर 84.77 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर और डीपी मनु 84.14 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे।

नीरज ने मैच के बाद अपने खास अंदाज से फैंस का दिल एक बार फिर से जीत लिया। उन्होंने मैच की कड़वाहट को भुलाकर फोटो के लिए अरशद के लिए बुलाया। उनसे हाथ मिलाया और गले लगाया। इसके बाद पोडियम पर साथ खड़े हुए। इस दौरान चेक गणराज्य के जाकुब वेदलेच भी वहां मौजूद रहे।

नीरज की ऐतिहासिक जीत से जहां उनके गांव खंडरा में खुशी का माहौल है वहीं, देश भर से लोग नीरज को बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं। भारतीय सेना, कांग्रेस, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

भारतीय सेना ने सूबेदार नीरज चोपड़ा को बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में पुरुषों की भाला फेंक में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी।

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, 'भारतीय एथलेटिक्स के गोल्डन बॉय ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता जीती। पूरे देश को आपकी उपलब्धियों पर गर्व है और यह क्षण भारतीय खेल इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।'

कांग्रेस पार्टी ने स्वर्ण पदक जीतने के बाद नीरज चोपड़ा को बधाई दी। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) एकाउंट पर लिखा, 'गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर विश्व पटल पर तिरंगा लहरा दिया है। नीरज ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड जीत लिया है। देश का मान बढ़ाने के लिए नीरज चोपड़ा को बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'

What's Your Reaction?

Like Like 11
Dislike Dislike 0
Love Love 5
Funny Funny 0
Wow Wow 2
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Shivani_Mishra

Shivani Mishra Desk Editor in NewsAsr.com and having vast experience in field of Journalism

Comments (0)

User