सबको समान भाव से लूटती है कांग्रेस- अजमेर में कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी बोले- गौरव के पल को स्वार्थी विरोध की भेंट चढ़ा दिया

नई संसद पर मचे संग्राम को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से विपक्षियों पर जमकर हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा, भारत को नया संसद भवन मिला है. लेकिन कांग्रेस ने भारत के गौरव के इस पल को भी अपने स्वार्थी विरोध की भेंट चढ़ा दिया.

May 31, 2023 - 14:00
0 91
सबको समान भाव से लूटती है कांग्रेस- अजमेर में कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी बोले- गौरव के पल को स्वार्थी विरोध की भेंट चढ़ा दिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी बुधवार (31 मई) को राजस्थान के अजमेर जिले के दौरे पर पहुंचे हैं. वो राजस्थान के पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर भी पहुंचे. ब्रह्मा मंदिर में पीएम मोदी ने पूजा-अर्चना की. यह भगवान ब्रह्मा का इकलौता मंदिर है. भाजपा सरकार के 9 साल पूरे होने के मौके पर पीएम मोदी कई शहरों में रैलियां कर अपने कामकाज को गिनाएंगे. राजस्थान में अपनी रैलियों की शुरुआत पीएम मोदी ने पुष्कर से की. इसके बाद पीएम अजमेर में अपनी रैली के लिए निकले.

अजमेर में रैली के दौरान राजस्थान भाजपा के प्रमुख सीपी जोशी ने पीएम मोदी का साफा पहनाकर स्वागत किया. पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान देवी अहिल्याबाई होल्कर को भी श्रद्धांजलि दी. इसके बाद पीएम मोदी ने अपने 9 सालों के कामों को गिनाते हुए विपक्ष पर भी हमला बोला. 

बता दे कि नई संसद पर मचे संग्राम को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से विपक्षियों पर जमकर हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा, भारत को नया संसद भवन मिला है. लेकिन कांग्रेस ने भारत के गौरव के इस पल को भी अपने स्वार्थी विरोध की भेंट चढ़ा दिया. कांग्रेस ने 60 हजार श्रमिकों के परिश्रम का, देश की भावनाओं और आकांक्षाओं का अपमान किया है.

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, जब लूट की बात होती है तो कांग्रेस किसी में भेदभाव नहीं करती. कांग्रेस देश के हर नागरिक गरीब, शोषित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, महिला और दिव्यांग सबको समान भाव से लूटती है.पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी माना था कि कांग्रेस सरकार 100 पैसे भेजती है तो उसमें से 85 पैसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे. 

कांग्रेस, हर योजना में 85% कमीशन खाने वाली पार्टी है.  ये बहुत जरूरी होता है कि जो पैसा सरकार भेजे वो पूरा का पूरा विकास के कार्यों में लगे. लेकिन कांग्रेस ने अपने शासन में देश का खून चूसने वाली ऐसी भ्रष्ट व्यवस्था बना दी थी जो देश के विकास को खाए जा रही थी.

पीएम मोदी ने कहा, देश की हर सफलता के पीछे भारत के लोगों की मेहनत है, भारत के लोगों का पसीना है. ये भारत के लोग ही हैं जिन्होंने महामारी के बाद देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है. ये भारत के लोग ही हैं, जिनकी वजह से आज दुनिया कह रही है कि ये दशक भारत का दशक है, ये सदी भारत की सदी है.

पीएम मोदी ने कहा, 2014 में आप लोगों ने कई साल बाद केंद्र में एक स्थिर सरकार बनाई. बीजेपी ने आपके हर आदेश की मर्यादा रखी है. मगर 5 साल पहले आपने राजस्थान में भी एक जनादेश दिया था और बदले में राजस्थान को क्या मिला, अस्थिरता और अराजकता. यहां 5 साल से मंत्री, विधायक और मुख्यमंत्री आपस में लड़ने में ही व्यस्त हैं. 

पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस ने 50 साल पहले गरीबी हटाने की गारंटी दी थी. ये गरीबों के साथ किया गया कांग्रेस का सबसे बड़ा विश्वाघात है. कांग्रेस की रणनीति रही है कि गरीबों को भरमाओं, गरीबों को तरसाओ. यहां राजस्थान में आप लोगों ने भी इसका बहुत नुकसान उठाया है.

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में जनता के एक वोट ने विकास का फैसला किया. उसी का नतीजा है कि पूरी दुनिया में आज भारत का यशगान हो रहा है. आज दुनिया के बढ़े-बढ़े एक्सपर्ट यह कह रहे हैं कि आज भारत 'अति गरीबी' को खत्म करने की ओर तेजी से अग्रसर है. पीएम मोदी ने कहा कि यह बदलाव एक वोट से आया है.

पीएम मोदी ने कहा, 2014 से पहले देश में क्या स्थिति थी? 2014 से पहले जनता भ्रष्टाचार के विरुद्ध सड़क पर उतरी हुई थी. बड़े-बड़े शहरों में हर दूसरे दिन आतंकी हमले होते थे. कांग्रेस सरकार सीमा पर सड़कें बनाने से भी डरती थी. महिलाओं के विरुद्ध अपराध चरम पर थे. प्रधानमंत्री के ऊपर सुपरपावर थी. 

कांग्रेस सरकार रिमोट कंट्रोल से चलती थी. जनता से वोट लेकर कांग्रेस जनता को ही कोसती थी. लेकिन आज पूरी दुनिया में भारत का यशगान हो रहा है. आज दुनिया के बड़े-बड़े विशेषज्ञ बोल रहे हैं कि भारत अति-गरीबी को समाप्त करने के बहुत निकट है. आखिर ये बदलाव आया कैसे? इसका जवाब है, सबका साथ, सबका विकास.

वन रैंक वन पेंशन को लेकर भी पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने कहा, कांग्रेस को सिर्फ झूठ बोलना आता है और आज भी कांग्रेस यही कर रही है. कांग्रेस ने वीरों के साथ भी हमेशा धोखा किया है. ये कांग्रेस ही है जो 4 दशक तक 'वन रैंक वन पेंशन' के नाम पर हमारे पूर्व सैनिकों से विश्वासघात करती रही. 

कागजों पर सिर्फ 500 करोड़ रुपए रखकर कांग्रेस कहती थी कि वो 'वन रैंक वन पेंशन' लागू करेगी. बीजेपी सरकार ने ना सिर्फ वन रैंक वन पेंशन को लागू किया बल्कि पूर्व सैनिकों को एरियर भी दिया.

पीएम मोदी ने कहा कि आज विपक्ष यह सवाल करता है कि मोदी पैसे कहां से लाता है. पीएम मोदी ने जवाब में कहा, हमारे देश में विकास के काम के लिए कभी पैसे की कमी नहीं रही. बस जरूरी तो यह है कि पूरा पैसा विकास में ही लगे. लेकिन पहले कांग्रेस ने ऐसी भ्रष्ट व्यवस्था बनाई थी जो कि देश को खोखला कर रही थी.

What's Your Reaction?

Like Like 33
Dislike Dislike 0
Love Love 15
Funny Funny 10
Wow Wow 12
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Sharad Mishra

शरद मिश्र सर्व वर्ल्डवाइड मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर तथा कंपनी के स्वामीत्य न्यूज़ असर के प्रधान संपादक है उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि जन सरोकारिता पत्रकारिता की रही है अधिक जानकारी के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े

Comments (0)

User