वाराणसी में अब नहीं मिलेगा मीट-मांस और मछली, शहर से बाहर शिफ्ट होंगी सारी दुकानें, नगर निगम का नए प्लान पर मुहर
वाराणसी नगर निगम की सदन बैठक में शहर के भीतर संचालित मीट, मांस और मछली की दुकानों को शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित करने की योजना को मंजूरी दे दी गई है. टाउनहॉल में आयोजित सदन की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई.
नगर निगम की योजना के तहत शहर की सीमा के बाहर व्यवस्थित मीट मार्केट विकसित किए जाएंगे, जहां मीट, मांस और मछली की दुकानों को स्थानांतरित किया जाएगा. इसके लिए प्रथम चरण में रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है. इन स्थानों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त मीट बाजार विकसित किए जाएंगे.
नगर आयुक्त ने सदन के समक्ष पूरी योजना का खाका प्रस्तुत किया. अधिकारियों के अनुसार, शहर के चारों ओर अलग-अलग स्थानों पर मीट मार्केट विकसित किए जाएंगे, जिससे शहर के भीतर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और यातायात जाम की समस्या में भी कमी आएगी.
स्वच्छता और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए लिया गया फैसला
नगर निगम का मानना है कि इस कदम से शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में मदद मिलेगी. साथ ही मीट कारोबारियों को भी एक व्यवस्थित और सुविधाजनक बाजार उपलब्ध कराया जाएगा.