भिंड में पुलिस के वाहनों से पुलिसकर्मियों ने ही चुराया डीजल- तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

पुलिस की नाक के नीचे से ही बदमाशों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया. चोर पुलिस विभाग के आधा दर्जन वाहनों से 250 लीटर डीजल चोरी कर ले गए, जिसकी कीमत करीब 24 हजार रुपये है. चोरी की जानकारी जब अधिकारियों को लगी तो सबसे पहले सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई. इसके बाद एसपी ने इस मामले में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

Dec 06, 2022 - 19:04
0 75
भिंड में पुलिस के वाहनों से पुलिसकर्मियों ने ही चुराया डीजल- तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

आमजन को सुरक्षा की गारंटी देने वाली मध्य प्रदेश पुलिस की भिंड में जमकर किरकिरी हो रही है. यहां का सबसे सुरक्षित माना जाने वाला इलाका भिंड पुलिस लाइन है. यहां पुलिस की नाक के नीचे से ही बदमाशों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया. चोर पुलिस विभाग के आधा दर्जन वाहनों से 250 लीटर डीजल चोरी कर ले गए, जिसकी कीमत करीब 24 हजार रुपये है. चोरी की जानकारी जब अधिकारियों को लगी तो सबसे पहले सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई. इसके बाद एसपी ने इस मामले में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

दरअसल, 29 नवंबर की रात पुलिस लाइन में रक्षित निरीक्षक कार्यालय के बाहर खड़े पुलिस के वाहनों का डीजल का गेज नाप कर खड़ा कर दिया गया था. 30 नवंबर को जब गाड़ियों का डीजल फिर से नापा गया तो डीजल कम था. पुलिस लाइन में खड़े 6 वाहनों में से 250 लीटर डीजल कम था. डीजल चोरी की घटना सामने आने पर सिटी कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई, लेकिन जांच में इस बात का खुलासा हुआ कि पुलिस लाइन में खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने में विभाग के ही कुछ पुलिसकर्मियों का हाथ है. जांच में कुछ पुलिस वालों के नाम सामने आए, जिन्हें भिंड एसपी शैलेंद्र सिंह कुशवाह ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

पुलिसकर्मी अभिनेंद्र सिकरवार, शिवा शर्मा और संदीप को भिंड एसपी ने निलंबित कर दिया है. सीएसपी निशा रेड्डी ने जानकारी देते हुए बताया कि एसपी ने 3 लोगों को निलंबित किया है और इस मामले में अभी कार्रवाई चल रही है. निशा रेड्डी ने कहा कि डीआरपी लाइन में डीजल चोरी की शिकायत मिली थी ,जिस पर प्रकरण पंजीबद्ध हुआ है. इसमें आरक्षकों के नाम आए हैं. एसपी ने तीन लोगों को सस्पेंड किया है.

बता दे 29 नवंबर की रात को पुलिस वाहनों का डीजल गेज़ नाप कर कार्यालय परिसर के मैदान में खड़ा कराया गया था. दूसरे ही दिन 30 नवंबर को जब गाड़ियों को चेक किया गया तो गाड़ियों के आसपास डीजल फैला हुआ मिला. जांच करने पर आधा दर्जन गाड़ियों के टैंक खाली मिले. इस बात की जानकारी आरआई रजनी गुर्जर और सूबेदार अखिलेश शर्मा को दी गई. 

इस मामले को मीडिया में उछलता देख देहात थाना की पुलिस टीम भी सक्रिय हुई.  जांच हुई तो पता चला कि वाहनों से डीजल निकालकर चोरी करने वाले कोई और ही नहीं विभाग में पदस्थ जवान अभिनेंद्र सिकरवार और संदीप है.  इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है.  साथ ही अभिनेन्द्र सिंह सिकरवार और संदीप के साथ पुलिस लाइन में वाहनों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने बाले पुलिस वाहन चालक शिवा शर्मा को भी अधिकारियों ने सस्पेंड कर दिया है. बताया जा रहा है दोनों आरक्षक अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए वाहनों से डीजल चोरी कर बेच दिया करते थे.

What's Your Reaction?

Like Like 6
Dislike Dislike 0
Love Love 2
Funny Funny 2
Wow Wow 1
Sad Sad 1
Angry Angry 0
Sharad Mishra

शरद मिश्र सर्व वर्ल्डवाइड मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर तथा कंपनी के स्वामीत्य न्यूज़ असर के प्रधान संपादक है उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि जन सरोकारिता पत्रकारिता की रही है अधिक जानकारी के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े

Comments (0)

User