शर्मनाक: दिन में बेटे ने पूछा मुआवजा कैसे मिलेगा? शाम को कर दी मां की हत्या; जानवर पर लगा दिया इल्जाम

पुलिस ने बुधवार को हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। खास बात यह भी है कि आरोपी ने उस दिन दोपहर में ही डीएफओ ऑफिस जाकर गुलदार के हमले में मुआवजा मांगा था। जब पता चला कि मौत पर पांच लाख का मुआवजा मिलने का प्रावधान है तो शाम को उसने मां की हत्या कर दी और गुलदार के हमले का शोर मचा दिया। यह बात पुलिस जांच में सामने आई है।

Jul 23, 2026 - 12:25
0 20
शर्मनाक: दिन में बेटे ने पूछा मुआवजा कैसे मिलेगा? शाम को कर दी मां की हत्या; जानवर पर लगा दिया इल्जाम


यूपी के बिजनौर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां हीमपुर दीपा थाना इलाके के गांव अजुपुरा जट में सोमवार की शाम बीरो देवी (65) की मौत मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। 


महिला की मौत गुलदार के हमले में नहीं हुई थी बल्कि पांच लाख रुपये मुआवजे के लालच में बेटे बहाल सिंह उर्फ मनिया ने ही गला दबाकर उसकी हत्या की थी। 


पुलिस ने बुधवार को हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। खास बात यह भी है कि आरोपी ने उस दिन दोपहर में ही डीएफओ ऑफिस जाकर गुलदार के हमले में मुआवजा मांगा था। जब पता चला कि मौत पर पांच लाख का मुआवजा मिलने का प्रावधान है तो शाम को उसने मां की हत्या कर दी और गुलदार के हमले का शोर मचा दिया। यह बात पुलिस जांच में सामने आई है।


बीरो देवी सोमवार की शाम छोटे बेटे बहाल सिंह उर्फ मनिया के साथ चारा लेने गई थी। बहाल सिंह ने गुलदार के हमले में अपनी मां के मरने की सूचना डायल -112 पुलिस और ग्रामीणों को दे दी थी। उसने पुलिस और गांव वालों को मां को बचाने के लिए गुलदार से लड़ने की झूठी कहानी भी सुना दी। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव नहीं उठाने दिया था। 

करीब दो घंटे बाद तहसीलदार एवं वन विभाग चांदपुर के रेंजर दुष्यंत मावी ने मृतका के आश्रितों को पांच लाख रुपये की मुआवजा दिलाने का लिखित आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता लगा कि वृद्धा की मौत गुलदार के हमले में नहीं बल्कि गला दबाने से हुई थी।


पुलिस ने बीराे देवी के बेटे बहाल सिंह को मंगलवार की देर शाम हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि उसने पुलिस और ग्रामीणों के समक्ष घटना में स्वयं शामिल होना स्वीकार किया। बहाल सिंह ने बताया कि काफी समय से उसकी मां से किसी न किसी बात को लेकर अनबन रहती थी। सोमवार को भी जंगल में किसी बात पर मां ने उसे गाली दे दी।

आवेश में आकर उसने अपने गन्ने के खेत में कुछ दूर अंदर ले जाकर मां का गला दबाकर हत्या कर दी। राज छिपाने तथा मुआवजे के पांच लाख रुपये के चक्कर में मां की मौत गुलदार के हमले से होना बताया। सीओ चांदपुर देश दीपक ने बताया कि पुलिस ने बुधवार को बीराे देवी के बड़े बेटे रूपचंद की ओर से दी गई तहरीर पर कार्रवाई करते हुए छोटे बेटे बहाल सिंह उर्फ मनिया का चालान कर दिया।

बीरो देवी की हत्या के खुलासे से ग्रामीण हैरत में हैं। साथ ही तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि बेटे ने ही मां को मौत की नींद सुला दिया। उसने खून के रिश्तों का ही कत्ल नहीं बल्कि मां और बेटे के विश्वास और पवित्र रिश्ते को भी कलंकित किया है।

 

बहाल सिंह उर्फ मनिया की पत्नी डोली को अपने पति द्वारा इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने पर विश्वास नहीं है। थाने में उसने रो-रोकर बताया कि उनकी गृहस्थी ठीक चल रही थी। इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई, उसे विश्वास नहीं हो रहा है। अब वह अपने दो छोटे बच्चों का पालन कैसे करेगी?
 

सोमवार दोपहर बहाल सिंह बिजनौर डीएफओ ऑफिस आया था। खुद पर खरोंच के निशान दिखाकर गुलदार का हमला होने की बात बताई और मुआवजा मांगा। डीएफओ जय सिंह कुशवाह ने बताया कि उसे बताया गया था खरोंच में मुआवजा नहीं मिलता। यदि घायल हुए हैं तो चिकित्सक से मेडिकल बनवाना होगा। उसने मुआवजे के नियम भी पूछे थे। इसके बाद वह चला गया था। शाम को उसकी मां की मौत गुलदार के हमले में होने की सूचना आई थी।

बिजनौर जिले में गुलदार के खौफ के बीच इंसान की खतरनाक फितरत भी सामने आने लगी है। लालच और विवाद में लोग हत्या इल्जाम गुलदार पर लगा रहे हैं। हाल ही में अजुपुरा जट में भी ऐसा ही हुआ। बेटे ने मां की हत्या का ठींकरा गुलदार के सिर पर मढ़ने की कोशिश की लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सब कुछ साफ हो गया। 

What's Your Reaction?

Like Like 4
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 8
Angry Angry 8
Shivani_Mishra

Shivani Mishra Desk Editor in NewsAsr.com and having vast experience in field of Journalism

Comments (0)

User