मैनपुरी के परिणाम से डरी हुई है भाजपा सरकार, इसी लिए टाल रही निकाय चुनाव- बोले अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की बंपर जीत से भाजपा डर गई है। इसलिए भाजपा निकाय चुनाव को जान बूझकर टाल रही है। इसीलिए भाजपा सरकार ने पहले सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के विपरीत निकाय चुनाव का आरक्षण किया।

Jan 03, 2023 - 19:24
0 51
मैनपुरी के परिणाम से डरी हुई है भाजपा सरकार, इसी लिए टाल रही निकाय चुनाव- बोले अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की बंपर जीत से भाजपा डर गई है। इसलिए भाजपा निकाय चुनाव को जान बूझकर टाल रही है। इसीलिए भाजपा सरकार ने पहले सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के विपरीत निकाय चुनाव का आरक्षण किया। इसके बाद फिर उच्च न्यायालय में भी गलत शपथ पत्र दिए। सपा मुखिया मंगलवार को मैनपुरी पहुंचे। उन्होंने मलपुर स्थित एक विद्यालय में आयोजित धन्यवाद सभा को संबोधित किया।  

अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर करारा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में निकाय चुनाव में देरी को मैनपुरी लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की बड़ी जीत से जोड़ा। अखिलेश ने कहा कि मैनपुरी की हार को भाजपा पचा नहीं पा रही है। 

उन्होंने कहा कि अच्छे दिनों का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने केवल महंगाई और बेरोजगारी ही दी है। भाजपा सरकार में सभी व्यवस्थाएं बदहाल हैं। नालियां, गंदगी, जाम पूरे प्रदेश में ये समस्याएं लोगों के सामने बनी हुई हैं। इनसे सरकार लोगों को निजात नहीं दिला पा रही है। इसी के कारण निकाय चुनाव को टालने का काम कर रही है। 

उन्होंने भाजपा पर चुटकी लेते हुए कहा कि प्रदेश में जहां भी नगर निकाय में भाजपा के चेयरमैन और मेयर था, वहां डेंगू अधिक फैला। क्योंकि वहां जलभराव की समस्या से निजात नहीं मिल सकी। उन्होंने मैनपुरी की जनता का लोकसभा उपचुनाव में बंपर जीत के लिए धन्यवाद किया। इसके साथ ही बिना किसी भेदभाव के साथ देने का वादा भी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आरक्षण को छीनना चाहती है। लेकिन समाजवादी पार्टी इसके लिए संघर्ष करेगी। 

भाजपा सरकार द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने की बात पर अखिलेश ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि किसान यूरिया और डीएपी के लिए परेशान है। अगर बुवाई कर लेता है तो गोवंश फसल खा जाते हैं। अगर किसी तरह फसल तैयार भी हो जाती है तो उसका दाम नहीं मिल पाता है। इससे किसान परेशान है। इस कार्यक्रम से पहले अखिलेश यादव नौरंगाबाद में आयोजित साकार विश्व हरि भोले बाबा के सत्संग कार्यक्रम में और भोगांव के गिहार कॉलोनी स्थित वरुण गिहार के आवास पर भी पहुंचे। उप चुनाव में वरुण गिहार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 

गंगा नदी को निर्मल बनाने के लिए भाजपा सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान पर भी सपा प्रमुख ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में नाले नदियों में गिर रहे हैं। जिले की सीमा से होकर गुजरने वाली गंगा की सहायक नदी काली नदी में सीधे नाले गिरने की भी उन्होंने बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार हजारों करोड़ गंगा को स्वच्छ बनाने के नाम पर खर्च कर रही है, लेकिन सहायक नदियों पर गिरने वाले नालों पर रोक नहीं लगाई जा सकी। 

What's Your Reaction?

Like Like 7
Dislike Dislike 0
Love Love 4
Funny Funny 1
Wow Wow 3
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Shivani_Mishra

Shivani Mishra Desk Editor in NewsAsr.com and having vast experience in field of Journalism

Comments (0)

User