मुख्यमंत्री योगी कल करेंगे समीक्षा बैठक: यूपी पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन में बड़ा एक्शन
वहीं इस कार्रवाई पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी नजर है. सीएम योगी कल या रविवार के दिन बिजली विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे. इस बैठक में उनके साथ ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और ऊर्जा विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे.
यूपी पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में लापरवाही और ट्रांसमिशन लाइन ब्रेकडाउन के मामलों को लेकर बड़ा प्रशासनिक एक्शन शुरू हो गया है. निगम प्रबंधन ने मेरठ क्षेत्र में लगातार सामने आई तकनीकी गड़बड़ियों और अधिकारियों की कथित लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता स्तर के अधिकारियों पर कार्रवाई की है.
निगम की ओर से हाल ही में जारी कार्यालय आदेश के अनुसार अधिशासी अभियंता पारेषण, मेरठ योगेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. वहीं अधिशासी अभियंता पारेषण पश्चिम, गाजियाबाद राहुल को मेरठ मुख्यालय से संबद्ध किया गया है. इस कार्रवाई के बाद ऊर्जा विभाग और ट्रांसमिशन निगम में हड़कंप मचा हुआ है.
दरअसल बीते दिनों मेरठ क्षेत्र में 132 केवी ट्रांसमिशन लाइनों में लगातार तकनीकी खराबियां सामने आई थीं. विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, 19 मई 2026 को 132 केवी मोदीनगर-2 कंकरखेड़ा लाइन ट्रिप हो गई थी, जिसके कारण टावर संख्या 33 और 34 के बीच कंडक्टर टूट गया.
इसके अगले ही दिन 20 मई को 132 केवी मोदीनगर-2 बेदवापुर लाइन भी ट्रिप हो गई. इस दौरान टावर संख्या 8 और 9 के बीच मिड स्पैन ज्वाइंट से कंडक्टर टूटने और टावर का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई.
प्रबंधन ने इस पूरे मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए अधिशासी अभियंता योगेश कुमार को उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली 1956 के तहत निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान उन्हें मुख्य अभियंता पारेषण पश्चिम, मेरठ कार्यालय से संबद्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं.
सूत्रों के अनुसार, निगम प्रबंधन अब प्रदेशभर में ट्रांसमिशन लाइनों और उपकेंद्रों की निगरानी व्यवस्था को और सख्त करने की तैयारी में है. लगातार बढ़ती गर्मी और बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में लापरवाही बरतने वाले अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है.
वहीं इस कार्रवाई पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी नजर है. सीएम योगी कल या रविवार के दिन बिजली विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे. इस बैठक में उनके साथ ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और ऊर्जा विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे.
जानकारी के मुताबिक, सीएम इस समीक्षा बैठक में बिजली आपूर्ति को लेकर बात कर सकते हैं. साथ ही बिजली समस्याओं के समाधान के विषय पर भी विभाग के अधिकारियों से बात करेंगे.