इस मुद्दे को लेकर दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल आज अखिलेश यादव से करेंगे मुलाकात
बुधवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे. चर्चा है कि सपा प्रमुख केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आप को अपना समर्थन दे सकते हैं.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रशासनिक अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग के अधिकार से संबंधित केंद्र सरकार के बिल को राज्यसभा में ना मंजूर कराने की कवायद में जुटे हैं. इसी क्रम में अरविंद केजरीवाल बुधवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करने वाले हैं.
जानकारी के मुताबिक, करीब 3 बजे सपा के प्रदेश कार्यालय में सीएम केजरीवाल अखिलेश यादव से मिलने पहुंचेंगे. इसके बाद शाम को 4 बजे अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल जॉइंट प्रेस कांफ्रेंस कर सकते हैं.
इस संबंध में मंगलवार (6 जून) को अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट कर लिखा, ‘केंद्र सरकार के गैर संवैधानिक अध्यादेश के खिलाफ दिल्ली की जनता के हक में समर्थन मांगने के लिए कल मैं और भगवंत मान साहिब लखनऊ में अखिलेश यादव जी से मिलेंगे.’ वहीं सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने पीटीआई-भाषा से कहा, कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार शाम लखनऊ में अखिलेश से मुलाकात करेंगे.
जानकारी के मुताबिक, सीएम केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, यूपी के प्रभारी सांसद संजय सिंह, दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लेना सिंह और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा भी आ रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सभी नेता दोपहर 2.30 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे.
वहां से सीधे सपा कार्यालय पहुंचकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे. इसके बाद दोनों नेता संयुक्त रूप से मीडिया से रूबरू होंगे. इस मुलाकात के जरिए अरविंद केजरीवाल दिल्ली में ट्रांसफर और पोस्टिंग पर केंद्र द्वारा लाए गए अध्यादेश के खिलाफ समर्थन जुटाने की कोशिश करेंगे.
दरअसल, केंद्र सरकार ने 19 मई को दिल्ली में ग्रुप-ए के अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग के लिए एक अध्यादेश जारी किया था, जिसे केजरीवाल सरकार ने सेवाओं के नियंत्रण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के साथ धोखा बताया था.
जिसके बाद आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल अध्यादेश के खिलाफ समर्थन हासिल करने के लिए विपक्षी दलों के नेताओं से संपर्क साध रहे हैं, ताकि संसद में विधेयक लाए जाने पर इसे बदलने की मोदी सरकार की कोशिश फेल हो जाए.
बता दें कि इससे पहले भी आप नेता केजरीवाल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तमिलाडु के सीएम एमके स्टालिन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के चीफ शरद पवार, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे समेत कई नेताओं से इस सिलसिले में मुलाकात कर चुके हैं.
What's Your Reaction?
Like
32
Dislike
0
Love
14
Funny
3
Wow
10
Sad
0
Angry
0
Comments (0)