योगी सरकार का बड़ा कदम: फार्मा सेक्टर में 2000 करोड़ का होगा निवेश, 10 हजार युवाओं को मिलेंगी नौकरियां
उत्तर प्रदेश को औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है। फार्मा और मेडिकल डिवाइस सेक्टर में निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार की नई पहल का असर अब जमीन पर दिखने लगा है।
जहां 17 बड़ी कंपनियों ने प्रदेश में करीब 2000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। इस निवेश से न केवल औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, बल्कि करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को 17 फार्मा कंपनियों को लेटर ऑफ कंफर्ट सौंपते हुए निवेश की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। ये कंपनियां प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अपने प्रोजेक्ट स्थापित करेंगी और लगभग 2000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी।
सीएम योगी ने इस अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश आज 'सेफ्टी, स्टेबिलिटी और स्पीड' का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य अब निवेशकों के लिए भरोसेमंद और समयबद्ध डिलीवरी वाला गंतव्य बन रहा है।
प्रदेश सरकार ललितपुर में 1500 एकड़ में फार्मा पार्क और नोएडा में 350 एकड़ में मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित कर रही है। इन परियोजनाओं में अब तक 100 से अधिक कंपनियां जुड़ चुकी हैं।
सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को फार्मा और हेल्थकेयर मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा हब बनाना है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश दोनों को बढ़ावा मिलेगा।