अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम में मछली भोज पर उठे सवाल, BJP बोली- सनातन विरोधी मानसिकता बेनकाब

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सावन में जब करोड़ों सनातनी भगवान शिव की आराधना में लीन हैं, उस समय मछली भोज करना कांग्रेस की सनातन विरोधी मानसिकता का खुला प्रदर्शन है। कांग्रेस नेताओं को समझना चाहिए कि सनातन समाज की आस्था कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है।

Aug 24, 2026 - 10:24
0 29
अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम में मछली भोज पर उठे सवाल, BJP बोली- सनातन विरोधी मानसिकता बेनकाब


कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार को पार्टी नेताओं के साथ अयोध्या पहुंचे। उन्होंने हनुमानगढ़ी में बजरंग बली का दर्शन कर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।


राम मंदिर में रामलला का दर्शन करके वह तारुन के अर्पित मैरिज लान में आयोजित सम्मान समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे। यहां मछली बनाए जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसको लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है।


कहा जा रहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने सावन मास के दौरान मछली खाई है। हालांकि कार्यक्रम के आयोजक राम निहाल निषाद व अन्य नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का बचाव करते हुए कहाकि मछली नहीं खाई गई है। गलत आरोप लगाए जा रहे हैं।


राम मंदिर की चढ़ावा चोरी उजागर होने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय तीसरी बार दोपहर में अयोध्या पहुंचे थे। यहां उन्होंने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह और पूर्वांचल प्रभारी अभिषेक दत्त के साथ दर्शन-पूजन किया। इसके बाद तारुन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में प्रतिभाग करने गए।


यह कार्यक्रम रामनिहाल निषाद ने आयोजित किया था। इसमें निषाद समाज के भी लोग बड़ी संख्या में जुटे थे। उनके लिए भोज भी था। इसमें पूड़ी-सब्जी के साथ मछली की भी दावत थी।

इसी दौरान मछली बनते हुए किसी ने वीडियो प्रसारित कर दिया। इसको लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा नेताओं के साथ ही कुछ स्थानीय लोगों ने भी सावन के पवित्र महीने में मछली खाने पर आपत्ति जताई है।

हालांकि, आयोजक ने बचाव करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी पसंद का खाना खाने का संवैधानिक अधिकार है। फिलहाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भोजन नहीं किया है। वर्षा होने के कारण वह चले गए थे।

आयोजक का कहना है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था थी। उनका कहना है कि मछली पकड़ना और मछली खाना निषाद समुदाय की पारंपरिक प्रथाओं का हिस्सा है।

वहीं, अजय राय ने अपने संबोधन में कहा कि आज पूरे देश में दमन और अन्याय हो रहा है। पूरा देश शोक की स्थिति में है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने भगवान राम के मंदिर में चढ़ाए गए चढ़ावे को भी चुरा लिया है।

उन्होंने हनुमान जी से प्रार्थना की है कि वे उन लोगों को सद्बुद्धि दें, जिन्होंने मंदिर का पैसा चुराया है। उन्होंने यह भी कहा कि मत्स्य पालन के लिए जिस तरह से केंद्र एवं प्रदेश सरकार मछुआ समुदाय की रोजी-रोटी छीन कर तालाबों का पट्टा गुजरात के लोगों को दे रही है, वह अस्वीकार्य है।


कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के सावन मास में मछली खाने को लेकर भाजपा नेता हमलावर हो गए हैं। भाजपाइयों ने इसे सनातन आस्था का अपमान बताते हुए कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल उठाए। कहा, अयोध्या जैसी धार्मिक नगरी में ऐसे आयोजन से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।


विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सावन में जब करोड़ों सनातनी भगवान शिव की आराधना में लीन हैं, उस समय मछली भोज करना कांग्रेस की सनातन विरोधी मानसिकता का खुला प्रदर्शन है। कांग्रेस नेताओं को समझना चाहिए कि सनातन समाज की आस्था कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है।


महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यह भोज कार्यक्रम नहीं, बल्कि सनातन परंपराओं और करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं का अपमान है। कांग्रेस की राजनीति जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है। मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र ने भी कहाकि कांग्रेस नेताओं का यह रवैया उनकी कथनी-करनी के अंतर को सामने लाता है।

What's Your Reaction?

Like Like 13
Dislike Dislike 0
Love Love 3
Funny Funny 3
Wow Wow 2
Sad Sad 15
Angry Angry 13
Sharma Kumar Manish

Associate Desk Editor

Comments (0)

User