आगरा फोर्ट एक्सप्रेस के यात्री बाल-बाल बचे: हाथरस में टला बड़ा रेल हादसा 4 लोगों पर FIR

May 25, 2026 - 09:55
0 7
आगरा फोर्ट एक्सप्रेस के यात्री बाल-बाल बचे: हाथरस में टला बड़ा रेल हादसा 4 लोगों पर FIR

आपसी रंजिश के चलते चार हमलावरों ने कार चालक से मारपीट कर उसकी कार छीन कर आधा किलोमीटर रेलवे ट्रैक पर खड़ी कर दी। कुछ ही मिनट बाद वहां से गुजर रही आगरा फोर्ट एक्सप्रेस कार से टकरा गई। गनीमत रही कि ट्रेन पटरी से नहीं उतरी, वरना सैकड़ों यात्रियों की जान जा सकती थी।


कार में सीएनजी किट लगी थी। इससे धमाके का खतरा और बढ़ गया था। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


यह घटना रविवार रात करीब 11:55 बजे मुरसान में टेलीफोन एक्सचेंज फाटक और स्टेशन के बीच हुई। आगरा से रात 8:50 बजे चली आगरा-रामनगर 'आगरा फोर्ट एक्सप्रेस' अपने तय समय रात 11:50 बजे से कुछ देर लेट चल रही थी। मुरसान कस्बे के रतन शर्मा गमी में शामिल होकर मथुरा से लौटे थे। साथी में उनकी पत्नी थी।


मुरसान में रेलवे ट्रैक के पास उनके ही मोहल्ले के डेविड, मोना और उनके दो भाइयों ने कार रोक ली। रतन शर्मा ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अपनी और पत्नी की जान बचाने के लिए वह कार छोड़कर भाग निकले।


हमलावरों ने आधा किलो मीटर दूर ले जाकर कार को रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच खड़ा कर दिया। यहां से रेलवे स्टेशन और थाना मुरसान पास ही हैं, मगर नजर किसी की नहीं पड़ी। कुछ ही देर में आगरा फोर्ट एक्सप्रेस आ गई और कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार उछलकर दूसरे ट्रैक पर जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


कार में सीएनजी किट लगी थी। ट्रेन की टक्कर के बाद टैंक में धमाका हो सकता था, जिससे ट्रेन को आग लगने या पटरी से उतरने का खतरा था। लेकिन लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ट्रेन रुकने से बड़ा हादसा टल गया। अचानक हुए हादसे और तेज आवाज से ट्रेन में सवार यात्रियों के होश उड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे ट्रैक की जांच की गई। करीब एक घंटे बाद रात 1:00 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।


मुरसान थाना प्रभारी अरविंद सक्सेना ने बताया कि पीड़ित रतन शर्मा की तहरीर पर डेविड, मोना और उनके दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोप है कि बीती छह मई को आरोपियों ने रतन के बेटे से शराब लाने को कहा था। मना करने पर विवाद हुआ था। उसी रंजिश में रविवार रात हमला कर कार छीन ली और ट्रैक पर खड़ी कर दी। फिलहाल चारों आरोपी फरार हैं, पुलिस तलाश में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 9
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Sharma Kumar Manish

Associate Desk Editor

Comments (0)

User