मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोरखपुर दौरा, आज रोइंग चैंपियनशिप में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोरखपुर दौरा, आज रोइंग चैंपियनशिप में होंगे शामिल


रामगढ़ताल में बुधवार को रोमांच, रफ्तार और संघर्ष का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबलों में देशभर के युवा रोअर्स ने फाइनल में जगह बनाने के लिए दमखम झोंक दिया। मेजबान उत्तर प्रदेश ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक क्वाड्रुपल स्कल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाकर पदक की उम्मीदों को मजबूत कर दिया।

गुरुवार को खिताबी जंग होगी और विजेताओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार की शाम करीब पांच बजे दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आएंगे। डीएम दीपक मीणा और जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारी का जायजा लिया।


भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहयोग से रोइंग फेडरेशन आफ इंडिया की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 17 रेपेचेज और 16 सेमीफाइनल समेत कुल 33 मुकाबले खेले गए। दिनभर चली स्पर्धाओं में हरियाणा, मध्य प्रदेश और आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी का दबदबा देखने को मिला। तीनों टीमों ने चार-चार वर्गों में शीर्ष दो स्थान हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि केरल और ओडिशा ने तीन-तीन वर्गों में अपनी जगह बनाई।