ग्रेटर नोएडा में 1.38 करोड़ की लूट का खुलासा, 2 हजार CCTV खंगालकर 5 लुटेरे गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि शंकर निम ने बताया कि 4,5 अगस्त 2026 की रात थाना बीटा-2 क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर एक चांदी व्यापारी के साथ लूट की यह सनसनीखेज वारदात हुई थी। कार सवार बदमाश व्यापारी और उनके साथी से सोने की अंगूठियां, चांदी के बिस्किट तथा अन्य कीमती सामान लूटकर पीड़ितों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे।

Aug 06, 2026 - 10:07
0 32
ग्रेटर नोएडा में 1.38 करोड़ की लूट का खुलासा, 2 हजार CCTV खंगालकर 5 लुटेरे गिरफ्तार


उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की थाना बीटा-2 पुलिस, एसओजी (SOG) ग्रेटर नोएडा और थाना ईकोटेक-1 की संयुक्त टीम ने चांदी व्यापारी से हुई करोड़ों की लूट का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है, जिसमें भारी मात्रा में सोने व चांदी के आभूषण और कीमती धातु शामिल हैं।


ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि शंकर निम ने बताया कि 4,5 अगस्त 2026 की रात थाना बीटा-2 क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर एक चांदी व्यापारी के साथ लूट की यह सनसनीखेज वारदात हुई थी। कार सवार बदमाश व्यापारी और उनके साथी से सोने की अंगूठियां, चांदी के बिस्किट तथा अन्य कीमती सामान लूटकर पीड़ितों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले के त्वरित खुलासे के लिए तुरंत 5 स्पेशल टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने करीब 2 हजार सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स और सर्विलांस की मदद से पुलिस की संयुक्त टीम अंततः आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अंकुर, अमित, सोहित/बसंत, हिमांशु और कमलकांत को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लगभग 12.138 किलोग्राम चांदी, 5 सोने के हार, 2 मंगलसूत्र, 29 पेंडेंट, 56 वुमेंस रिंग, 34 मेंस रिंग, 18 लॉकेट, 42 जोड़ी झुमकी तथा घटना में उपयोग किए गए बिना नंबर प्लेट की कार बरामद की गई है। बरामद किए गए इस पूरे माल की बाजार में कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 38 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का मुख्य मकसद व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखकर वारदात को अंजाम देना था। आरोपियों में से चार लोग फाइनेंस का काम करते थे और उन पर जानकारों का करोड़ों रुपये का कर्जा था। इस कर्जे को चुकाने के लिए उन्होंने दिल्ली के चांदनी चौक स्थित चांदी की दुकानों के आसपास कई हफ्तों तक रेकी की और पाया कि आगरा का व्यापारी नियमित रूप से भारी मात्रा में सोना-चांदी लेकर इसी रास्ते से आता-जाता है।


व्यापारी जब चांदनी चौक से सामान लेकर आगरा जा रहे थे, तभी बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही व्यापारी की गाड़ी यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर रुकी, आरोपियों ने उन्हें ओवरपावर किया और लूटपाट कर चंपत हो गए। पुलिस ने मामले में 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 12
Dislike Dislike 0
Love Love 12
Funny Funny 1
Wow Wow 11
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Mishra Shivani

Shivani Mishra Chief Desk Editor in NewsAsr.com and having vast experience in field of Journalism

Comments (0)

User