राहुल गांधी के बयानों पर भड़की BJP, कहा- 'पीएम मोदी हैं बॉस'
राहुल गांधी को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित कई भाजपा नेताओं ने घेर लिया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी की हर यात्रा में भारत का अपमान किया जाता है। इस बार की प्रायोजित विदेश यात्रा भी उसी दिशा में है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर नई संसद में ‘सेंगोल’ (राजदंड) की स्थापना का ‘मजाक’ उड़ाकर ‘विदेशी धरती’ पर भारत का ‘अपमान’ करने का आरोप लगाया. राहुल गांधी जो कि छह दिन के अमेरिका के दौरे पर हैं, ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर कटाक्ष किया और कहा कि नई संसद में सेंगोल का उद्घाटन एक सिर्फ ‘नाटक’ था, ताकि वास्तविक मुद्दों से ‘लोगों का ध्यान हटाया’ जा सके.
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए दावा किया कि राहुल गांधी अपनी विदेश यात्राओं के दौरान भारत का ‘अपमान’ करते हैं क्योंकि वह इस बात को हजम नहीं कर सकते हैं कि ‘पीएम नरेंद्र मोदी बॉस हैं’. ठाकुर ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “राहुल गांधी अपनी विदेश यात्राओं के दौरान भारत का अपमान करते हैं. पीएम मोदी ने हाल ही में अपनी विदेश यात्रा के दौरान लगभग 24 देशों के प्रधानमंत्रियों एवं दुनिया के कई राष्ट्रपतियों से मुलाकात की और 50 से अधिक बैठकें कीं और जब ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने कहा कि ‘पीएम मोदी बॉस हैं’, तो राहुल गांधी यह पचा नहीं पाए.”
क्या बोले अनुराग ठाकुर: अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी की हर यात्रा में भारत का अपमान किया जाता है। इस बार की प्रायोजित विदेश यात्रा भी उसी दिशा में है, जहां वो अपमान तो पीएम मोदी का करना चाहते हैं, लेकिन अंत में देश का अपमान करने से नहीं हठते। उन्होंने आगे कहा कि अगर आप पहले के भी भाषण देखेंगे तो वह भारत को राष्ट्र ही मानते ही नहीं है, वो तो राज्यों का संघ कहते हैं। साथ ही वह भारत के बढ़ते कदमों पर भी प्रश्नचिह्न करते हैं।

अनिल विज ने भी किया पलटवार :
अब राहुल गांधी को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित कई भाजपा नेताओं ने घेर लिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि दुनिया भर के देशों के नेता हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते नहीं थकते और हमारे देश का एक अदना सा नेता राहुल गांधी विदेशी धरती पर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपमानित करता है। ऐसे नेता का हर भारतवासी को बहिष्कार करना चाहिए।

राहुल गांधी की आलोचना करते हुए भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि गांधी परिवार ने सेंगोल को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की चलने वाली छड़ी तक सीमित कर दिया था. पूनावाला ने ट्वीट किया, “राहुल गांधी के परिवार ने पवित्र सेंगोल को नेहरू की चलने वाली छड़ी के रूप में बदल दिया. अब राहुल सेंगोल की स्थापना और उसके लिए पीएम मोदी द्वारा दिए गए सम्मान ((दंडवत प्रणाम) पर अपमानजनक टिप्पणी के जरिए भारतीय संस्थानों पर हमला करने के बाद वे विदेशी धरती पर भारतीय संस्कृति (विशेष रूप से तमिल संस्कृति) का मज़ाक उड़ाते हैं. राहुल गांधी शायद सम्मान दिखाने के भारतीय तरीके की ज्यादा परवाह नहीं करते हैं.’
उन्होंने नई संसद के उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करने के लिए तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाली सरकार को पर भी हमला बोला और कहा, ‘डीएमके सरकार के दस्तावेज़ भी सेंगोल के इतिहास और प्रासंगिकता पर मुहर लगाते हैं, लेकिन जो गुलामी के प्रतीकों से प्यार करते हैं वे इसे पचा नहीं सकते, बीजेपी से नफरत में ये लोग भारतीय प्रतीकों और जीवन पद्धति पर ही हमला करते हैं! क्या डीएमके राहुल के उस बयान से सहमत है, जिसमें उन्होंने सेंगोल स्थापना को नाटक कहा है?’
पीएम नरेंद्र मोदी ने 28 मई को नए संसद भवन का उद्घाटन करते हुए पवित्र सेंगोल को लोकसभा स्पीकर की कुर्सी के बगल में स्थापित किया था. कहा जाता है कि अगस्त 1947 में अंग्रेजों द्वारा सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के रूप में भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को दिया गया एक औपचारिक राजदंड ‘सेंगोल’, इलाहाबाद संग्रहालय की नेहरू गैलरी में रखा गया था. चांदी से बने और सोने की परत चढ़े सेंगोल का उपयोग मूल रूप से तमिलनाडु में चोल वंश के दौरान एक राजा से दूसरे राजा को सत्ता सौंपने के लिए किया जाता था.
What's Your Reaction?
Like
37
Dislike
0
Love
13
Funny
0
Wow
12
Sad
0
Angry
0
Comments (0)