16 लाख के जेवर चुराने वाला शातिर गिरफ्तार: बहन की शादी करने की चाह में पड़ोसी का घर किया खाली

घटना ताड़बगिया मोहल्ले की है। यहां रहने वाले ओमान खान एचसीएल में टैक्स डेटा इंजीनियर हैं और फिलहाल नागपुर में कार्यरत हैं। रविवार को ओमान खान अपने भाई खुशहाल खान और मां सूफिया खान के साथ शादी की खरीदारी के सिलसिले में लखनऊ गए थे। परिवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकला था। लौटकर आने पर घर का नजारा बदला बदला था।

Aug 12, 2026 - 19:46
0 1
16 लाख के जेवर चुराने वाला शातिर गिरफ्तार: बहन की शादी करने की चाह में पड़ोसी का घर किया खाली


उत्तर प्रदेश के कानपुर के जाजमऊ इलाके में हुई करीब 16 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 19 साल के मोहम्मद जाफर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से वेल्डिंग कारीगर बताया जा रहा है। 


पूछताछ में उसने चोरी की वजह अपनी बहन की शादी के लिए पैसों की जरूरत बताई। पुलिस ने आरोपी को बुधवार दोपहर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार घटना ताड़बगिया मोहल्ले की है। यहां रहने वाले ओमान खान एचसीएल में टैक्स डेटा इंजीनियर हैं और फिलहाल नागपुर में कार्यरत हैं। रविवार को ओमान खान अपने भाई खुशहाल खान और मां सूफिया खान के साथ शादी की खरीदारी के सिलसिले में लखनऊ गए थे। परिवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकला था। लौटकर आने पर घर का नजारा बदला बदला था।


परिवार जब रात करीब आठ बजे वापस लौटा तो घर के कमरों का सारा सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने के सभी आभूषण और नकदी गायब है। परिवार के मुताबिक चोरी हुए सामान में दो सोने के सेट, चार सोने की चूड़ियां और छह सोने की अंगूठियां शामिल थीं। 


इसके अलावा अलमारी में रखे 40 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए। पीड़ित परिवार ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद जाजमऊ पुलिस ने जांच शुरू की।


पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद जाफर पीड़ित परिवार का पड़ोसी है। पड़ोस में रहने की वजह से उसे परिवार की दिनचर्या और आने-जाने की जानकारी थी। पुलिस के अनुसार, जाफर करीब 10 दिनों से लगातार घर पर नजर रख रहा था और मौका मिलने का इंतजार कर रहा था, रविवार को उसे पता चला कि परिवार लखनऊ गया है और घर खाली है। इसके बाद उसने कथित तौर पर घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और सोने के आभूषणों के साथ नकदी लेकर फरार हो गया।


पुलिस पूछताछ में जाफर ने बताया कि उसकी बड़ी बहन की शादी करीब डेढ़ महीने बाद होनी है। परिवार के सामने शादी के खर्च को लेकर आर्थिक परेशानी थी। आरोपी के मुताबिक, इसी जरूरत के चलते उसने चोरी करने का फैसला किया। 

हालांकि, पुलिस का कहना है कि आर्थिक परेशानी चोरी का कारण बताना आरोपी का दावा है। मामले में बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटना से जुड़े सुराग जुटाए। जांच के दौरान पुलिस का शक आरोपी तक पहुंचा। इसके बाद मोहम्मद जाफर को गिरफ्तार कर लिया गया। 

पुलिस के मुताबिक, वारदात के करीब तीन दिन के भीतर आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद उसे बुधवार दोपहर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Sharma Kumar Manish

Associate Desk Editor

Comments (0)

User