Gold Trading Full Details : 1 ग्राम से 1 किलोग्राम तक, कैसे करें सोने की ट्रेडिंग? अकाउंट में कितने रुपए होना जरूरी
कई लोगों के मन में सवाल होता है कि MCX पर आखिर कम से कम कितने ग्राम सोने की ट्रेडिंग की जा सकती है और ज्यादा से ज्यादा कितना सोना खरीदा जा सकता है। साथ ही, इसके लिए ट्रेडिंग अकाउंट में कितनी रकम का होना जरूरी है। अगर आप भी गोल्ड ट्रेडिंग शुरू करना चाहते हैं तो पहले नीचे दी गई बातों का समझना जरूरी है।
सोने की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले एक हफ्ते में सोने में उछाल आया है। लेकिन शुक्रवार, 5 जून को सोने में बड़ी गिरावट दर्ज हुई। ऐसे में कई निवेशक फिजिकल गोल्ड की बजाय गोल्ड ट्रेडिंग की तरफ रुख कर रहे हैं।
लेकिन कई लोगों के मन में सवाल होता है कि MCX पर आखिर कम से कम कितने ग्राम सोने की ट्रेडिंग की जा सकती है और ज्यादा से ज्यादा कितना सोना खरीदा जा सकता है। साथ ही, इसके लिए ट्रेडिंग अकाउंट में कितनी रकम का होना जरूरी है। अगर आप भी गोल्ड ट्रेडिंग शुरू करना चाहते हैं तो पहले नीचे दी गई बातों का समझना जरूरी है।
MCX पर होते हैं गोल्ड के 5 कॉन्ट्रैक्ट
भारत में कमोडिटी एक्सचेंज MCX यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने के पांच अलग-अलग कॉन्ट्रैक्ट उपलब्ध हैं। निवेशक अपनी पूंजी और जरूरत के हिसाब से इनमें ट्रेडिंग कर सकते हैं।
GOLD 1 किलोग्राम सोना
GOLDM 100 ग्राम सोना
GOLDTEN 10 ग्राम सोना
GOLDGUINEA 8 ग्राम सोना
GOLDPETALS 1 ग्राम सोना
यानी अगर किसी निवेशक के पास बड़ी रकम नहीं है तो वह सिर्फ 1 ग्राम सोने के GOLDPETALS कॉन्ट्रैक्ट से भी ट्रेडिंग शुरू कर सकता है। वहीं बड़े निवेशक 1 किलो वाले GOLD कॉन्ट्रैक्ट में भी कारोबार कर सकते हैं।
कहां से कर सकते हैं गोल्ड ट्रेडिंग?
MCX पर ट्रेडिंग करने के लिए आपको किसी SEBI-रजिस्टर्ड ब्रोकर के साथ कमोडिटी ट्रेडिंग अकाउंट खोलना होगा। कई बड़े ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म अपने मोबाइल ऐप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए MCX ट्रेडिंग की सुविधा देते हैं। अकाउंट खुलने के बाद आप मोबाइल या कंप्यूटर से गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट खरीद और बेच सकते हैं।
सोना खरीदने के लिए कितनी रकम जरूरी?
सेबी रजिस्टर्ड मार्केट एंड कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता बताते हैं कि MCX पर ट्रेडिंग पूरी कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू जमा करके नहीं की जाती। इसके लिए एक्सचेंज और ब्रोकर द्वारा तय मार्जिन देना होता है। आमतौर पर यह कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू का एक हिस्सा होता है।
उदाहरण के तौर पर MCX पर आज सोने के भाव 1.58 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम है। इसके हिसाब से देखें तो:-
1 ग्राम GOLDPETALS की वैल्यू करीब 15,800 रुपए होगी। इसके लिए आपको 85-90 फीसदी तक का मार्जिन मिल सकता है। यानी 1 ग्राम सोने की ट्रेडिंग के लिए आपके अकाउंट में करीब 1500 रुपए होने चाहिए।
10 ग्राम GOLDTEN की वैल्यू करीब 1.58 लाख रुपए होगी।
8 ग्राम GOLDGUINEA की वैल्यू 1,26,400 रुपए होगी।
100 ग्राम GOLDM की वैल्यू करीब 15,80,000 रुपए होगी।
1 किलो GOLD कॉन्ट्रैक्ट की कुल वैल्यू करीब 1,58,00,000 रुपए तक पहुंच सकती है। और इसकी ट्रेडिंग के लिए आपके अकाउंट में करीब 15 लाख रुपए होने चाहिए।
हालांकि, यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि मार्जिन फ्यूचर्स की एक्सपायरी डेट पर निर्भर करता है। मार्जिन की राशि बाजार की स्थिति, वोलैटिलिटी और ब्रोकर के नियमों के अनुसार बदलती रहती है। इसलिए ट्रेडिंग शुरू करने से पहले अपने ब्रोकर के मार्जिन नियम जरूर जांच लें।