FIFA WC 2026 : भव्य और रंगारंग उद्घाटन! 10 प्लेयर्स से खेलते हुए मैक्सिको ने 9 प्लेयर्स वाले द. अफ्रीका को हराया

फीफा विश्व कप 2026 का आगाज एक भव्य और रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ हुआ, जिसने दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों का दिल जीत लिया। संगीत, रोशनी और शानदार आतिशबाजी से सजे इस समारोह में लोकप्रिय बैंड माना, लैटिन पॉप स्टार बेलिंडा, कोलंबियाई गायक जे बाल्विन, वैश्विक पॉप आइकन शकीरा और नाइजीरियाई कलाकार बर्ना बॉय ने दमदार प्रस्तुतियां दीं। फीफा विश्व कप 2026 के उद्घाटन मुकाबले में सह-मेजबान मैक्सिको ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हरा दिया।

FIFA WC 2026 : भव्य और रंगारंग उद्घाटन! 10 प्लेयर्स से खेलते हुए मैक्सिको ने 9 प्लेयर्स वाले द. अफ्रीका को हराया

फीफा विश्व कप 2026 के उद्घाटन मुकाबले में सह-मेजबान मैक्सिको ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हरा दिया। मैक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के पहले मैच में मेजबान टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और जूलियन क्विनोन्स के अलावा राउल जिमेनेज के गोल की बदौलत जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।

मैक्सिको ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और इसका फायदा उसे नौवें मिनट में मिला। जूलियन क्विनोन्स ने दक्षिण अफ्रीका की रक्षापंक्ति को भेदते हुए शानदार गोल दागा और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती गोल के बाद भी मैक्सिको ने नियंत्रण बनाए रखा और लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाते रहे।


दक्षिण अफ्रीका को 17वें मिनट में पहला झटका लगा, जब तेबोहो मोकोएना को फाउल के लिए यलो कार्ड दिखाया गया। इसके बाद 25वें मिनट में खिलाड़ियों को राहत देने के लिए टूर्नामेंट का पहला हाइड्रेशन ब्रेक लिया गया। पहले हाफ के अंत तक दक्षिण अफ्रीका कोई प्रभावी जवाब नहीं दे सका और मैक्सिको 1-0 की बढ़त के साथ ब्रेक में गया। पहले हाफ में चार मिनट का अतिरिक्त समय भी जोड़ा गया था।


दूसरे हाफ की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के लिए बेहद खराब रही। 49वें मिनट में स्पेफेलो सिथोले को सीधे रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। सिथोले ने गोल की ओर बढ़ रहे एरिक गुटिएरेज को पेनल्टी बॉक्स के बाहर फाउल कर रोक दिया था। इस फैसले के बाद दक्षिण अफ्रीका को लगभग पूरा दूसरा हाफ 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।

संख्यात्मक बढ़त का फायदा उठाते हुए मैक्सिको ने लगातार हमले जारी रखे। आखिरकार 67वें मिनट में राउल जिमेनेज ने गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। इसी दौरान मुकाबले का दूसरा हाइड्रेशन ब्रेक भी लिया गया।

दक्षिण अफ्रीका की मुश्किलें 84वें मिनट में और बढ़ गईं। वार (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) समीक्षा के बाद रेफरी ने थेम्बा ज्वाने को रोबर्टो अल्वाराडो पर हाथ चलाने का दोषी पाया और उन्हें रेड कार्ड दिखा दिया। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका नौ खिलाड़ियों तक सिमट गया और उसकी वापसी की उम्मीदें लगभग समाप्त हो गईं।

इंजरी टाइम (90+2 मिनट) में मैक्सिको को भी झटका लगा। डिफेंडर सीजर मॉन्टेस को खुलिसो मुदाउ को फाउल करने के कारण रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बावजूद मैच के नतीजे पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। अंतिम सीटी बजते ही मैक्सिको ने 2-0 की शानदार जीत दर्ज कर विश्व कप 2026 अभियान का विजयी आगाज किया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका को पहले ही मुकाबले में हार के साथ-साथ दो रेड कार्डों का भी नुकसान उठाना पड़ा, जिससे आगे की राह उसके लिए और चुनौतीपूर्ण हो गई है।


फीफा विश्व कप 2026 का आगाज एक भव्य और रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ हुआ, जिसने दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों का दिल जीत लिया। संगीत, रोशनी और शानदार आतिशबाजी से सजे इस समारोह में लोकप्रिय बैंड माना, लैटिन पॉप स्टार बेलिंडा, कोलंबियाई गायक जे बाल्विन, वैश्विक पॉप आइकन शकीरा और नाइजीरियाई कलाकार बर्ना बॉय ने दमदार प्रस्तुतियां दीं। 

माना और बेलिंडा ने समारोह की शानदार शुरुआत की, जबकि जे बाल्विन ने अपने लोकप्रिय गीतों से माहौल में ऊर्जा भर दी। वहीं, शकीरा और बर्ना बॉय की संयुक्त प्रस्तुति समारोह का मुख्य आकर्षण रही, जिसने स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। रंग-बिरंगी रोशनी, विशेष विजुअल इफेक्ट्स और आतिशबाजी के बीच संपन्न हुए इस समारोह ने फीफा विश्व कप 2026 की शानदार शुरुआत का यादगार मंच तैयार किया।

उद्घाटन समारोह के बाद स्पेनिश अभिनेत्री सलमा हायेक और फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने विश्व कप 2026 की औपचारिक शुरुआत की। इसके बाद ट्रॉफी को स्टेडियम में प्रदर्शित किया गया और फिर मुकाबले का आगाज हुआ।