भाजपा संगठन में महिलाओं का दबदबा: नई टीम में छह उपाध्यक्ष समेत 12 महिलाएं शामिल

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया था। उन्होंने तकनीक के विस्तार से लेकर सशस्त्र बलों को मजबूत करने तक महिलाओं के योगदान का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का भी जिक्र किया और कहा कि तीन करोड़ लखपति दीदी का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। उन्होंने अब छह करोड़ लखपति दीदी का लक्ष्य रखने की बात कही।

Aug 17, 2026 - 19:41
0 17
भाजपा संगठन में महिलाओं का दबदबा: नई टीम में छह उपाध्यक्ष समेत 12 महिलाएं शामिल

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई टीम का एलान किया। पार्टी के 65 राष्ट्रीय पदाधिकारियों वाली इस टीम में महिलाओं की मौजूदगी खास तौर पर देखने को मिली है। कुल 12 महिलाओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी दी गई है।


नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं, जिनमें छह महिलाएं हैं। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की अहम जिम्मेदारी दी गई है। पिछली टीम की तुलना में महिला पदाधिकारियों की संख्या बढ़ी है। पिछली टीम में एक भी महिला राष्ट्रीय महामंत्री नहीं थी।


भाजपा की नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, आंध्र प्रदेश भाजपा की पूर्व अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी, पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, रेखा वर्मा और डॉ. मधुचंद्र कर को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। वसुंधरा राजे और रेखा वर्मा को इस पद पर बरकरार रखा गया है।


पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में महामंत्री बनाया गया है। यह नई टीम में महिलाओं को मिली सबसे प्रमुख संगठनात्मक जिम्मेदारियों में से एक है। पार्टी की पिछली टीम में कोई महिला राष्ट्रीय महामंत्री नहीं थी। ऐसे में स्मृति ईरानी की नियुक्ति को संगठन में महिला नेतृत्व की बढ़ती भूमिका के तौर पर देखा जा रहा है।


नई टीम में कई महिला नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी भी दी गई है। इनमें भाजपा सांसद कविता पाटीदार, फांगनोन कोन्याक और संगीता यादव शामिल हैं। इसके अलावा भाजपा सांसद रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की कमान सौंपी गई है। वह वनथी श्रीनिवासन की जगह महिला मोर्चा की नई अध्यक्ष होंगी।


भाजपा की नई डिजिटल टीम में भी महिला प्रतिनिधित्व बढ़ा है। प्रीति गांधी को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। इससे पार्टी के संगठनात्मक ढांचे के साथ डिजिटल टीम में भी महिलाओं की भागीदारी दिखाई देती है।


भाजपा की नई टीम में महिला पदाधिकारियों की संख्या पिछली टीम के मुकाबले अधिक है। पार्टी ने संगठन के अलग-अलग स्तरों पर महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब भाजपा लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण को जल्द लागू करने की मांग करती रही है। परिसीमन के बाद लागू होने वाले इस आरक्षण से संसद के निचले सदन में महिलाओं के लिए सीटों की संख्या बढ़ने की संभावना है।


स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया था। उन्होंने तकनीक के विस्तार से लेकर सशस्त्र बलों को मजबूत करने तक महिलाओं के योगदान का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का भी जिक्र किया और कहा कि तीन करोड़ लखपति दीदी का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। उन्होंने अब छह करोड़ लखपति दीदी का लक्ष्य रखने की बात कही।

What's Your Reaction?

Like Like 5
Dislike Dislike 0
Love Love 2
Funny Funny 0
Wow Wow 3
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Sharma Kumar Manish

Associate Desk Editor

Comments (0)

User