80वें स्वतंत्रता दिवस की CM योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई बोले - UP के बिना आजादी की लड़ाई अधूरी थी...
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उन्होंने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी है, जब समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को उसका अधिकार और सम्मान मिले. इसी सोच के साथ सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है.
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश में हर्षोल्लास और देशभक्ति का माहौल है. इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश व देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) के जरिए देशवासियों को बधाई दी. उन्होंने स्वाधीनता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ का आह्वान किया. कहा कि प्रदेश वासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. स्वतंत्रता का यह पावन पर्व मां भारती के गौरव, अमर बलिदानियों के अमिट त्याग और राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक है. मातृभूमि की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात वीरों को कोटि-कोटि नमन. आइए, अमर बलिदानियों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेकर ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आत्मसात करें तथा कर्तव्यनिष्ठा और जनभागीदारी के माध्यम से ‘विकसित भारत’ एवं ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प की सिद्धि में अपना योगदान दें. जय हिंद.
उन्होंने ध्वजारोहण किया. इसके बाद उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का विकास हो रहा है. आज हर सेक्टर में विकास हो रहा है. सभी लोगों को साथ मिलकर चलना होगा. वीर बलदानियों ने हमें आजादी दिलाई. यूपी की धरती से आजादी का बिगुल शुरू हुआ था. आजादी की लड़ाई यूपी के बगैर अधूरी थी.
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उन्होंने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी है, जब समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को उसका अधिकार और सम्मान मिले. इसी सोच के साथ सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है.
ऑपरेशन कायाकल्प के जरिए प्राथमिक विद्यालयों में 19 मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. प्रदेश में स्कूल ड्रॉपआउट रेट 20 प्रतिशत से घटकर करीब 3 प्रतिशत रह गया है. उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की पहली पंक्ति का योद्धा बताते हुए कहा कि शिक्षकों और उनके परिजनों के कैशलेस इलाज की व्यवस्था भी की गई है.. DBT के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों के खातों में पहुंचाया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 65 लाख से अधिक लोगों को आवास और 3 करोड़ से ज्यादा लोगों को शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं. करीब 16 करोड़ लोगों को निशुल्क खाद्यान्न दिया जा रहा है. विभिन्न जनजातियों को भी सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है. 57,600 ग्राम पंचायतों को ग्राम सचिवालय से जोड़ा गया है.
महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों की महिलाएं और बेटियां स्वरोजगार से जुड़ रही हैं. ड्रोन तकनीक के जरिए खेती को आसान बनाने में भी महिलाएं भागीदारी कर रही हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश की नारी शक्ति विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ अभियान को नई गति मिली है और महिलाओं की पंचायत तथा पुलिस में भागीदारी बढ़ी है.
किसानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान का सम्मान देश के अन्न का सम्मान है. विभिन्न योजनाओं के जरिए किसानों को लाभ दिया जा रहा है. सरकार ने किसानों को बिचौलियों से राहत दिलाने की दिशा में काम किया है. प्रदेश में 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि के लिए सिंचाई की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है.
युवाओं को प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा प्रतिभाशाली और मेहनती है. सरकार ने नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है. AI और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द नई यूथ पॉलिसी लाने जा रही है, जिसके जरिए स्किल और इनोवेशन से जुड़ी नई सुविधाएं युवाओं को मिलेंगी.
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)